शहर

Delhi News: दिल्लीवाले हो जाएं सावधान! त्योहारों से पहले मिलावट पर दिल्ली सरकार का बड़ा एक्शन, 4100 किलो से ज्यादा माल नष्ट

Delhi News: खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिछले एक महीने में दिल्ली के कई प्रमुख बाजारों और खाद्य बिक्री केंद्रों पर अभियान चलाया। ओखला सब्जी मंडी, मोरी गेट खोया मंडी, बाग दीवार, संजय मार्केट, जनकपुरी, मोची मार्केट-शाहदरा, गाजीपुर और झील समेत कई इलाकों में खोया, पनीर, छेना और घी की जांच की गई।

Image

नकली और मिलावटी पनीर किया गया नष्ट। (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)

Delhi News: त्योहारों का मौसम शुरू होते ही दिल्ली सरकार ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने खोया, पनीर, छेना और घी समेत दूध से बने खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई बढ़ा दी है। विभाग की कार्रवाई में पिछले एक महीने के दौरान 4,100 किलो से ज्यादा संदिग्ध खोया और पनीर नष्ट किया गया है।

सबसे चौंकाने वाली तस्वीर मोरी गेट खोया मंडी से सामने आई है। यहां खाद्य सुरक्षा विभाग ने खोया के 30 नमूने लिए थे। जांच में इनमें से 22 नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए। यानी जांच किए गए नमूनों का बड़ा हिस्सा तय मानकों पर खरा नहीं उतरा।

पनीर-छेना के 19 में 12 नमूने फेल

पनीर और छेना की जांच में भी मिलावट और गुणवत्ता को लेकर गंभीर स्थिति सामने आई। अब तक जांचे गए 19 नमूनों में सिर्फ 7 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप मिले, जबकि 12 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कई बड़े बाजार विभाग की रडार पर

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिछले एक महीने में दिल्ली के कई प्रमुख बाजारों और खाद्य बिक्री केंद्रों पर अभियान चलाया। ओखला सब्जी मंडी, मोरी गेट खोया मंडी, बाग दीवार, संजय मार्केट, जनकपुरी, मोची मार्केट-शाहदरा, गाजीपुर और झील समेत कई इलाकों में खोया, पनीर, छेना और घी की जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

बुधवार को भी ताबड़तोड़ जांच

त्योहारी सीजन को देखते हुए बुधवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें अलग-अलग इलाकों में उतरीं। खारी बावली, ओखला सब्जी मंडी, पूर्वी दिल्ली के झील क्षेत्र और जनकपुरी मंडी समेत कई जगहों पर खाद्य पदार्थों की जांच और नमूने लेने की कार्रवाई की गई। सरकार ने साफ किया है कि त्योहारों का मौसम खत्म होने तक यह अभियान जारी रहेगा। बाजारों में नियमित निरीक्षण के साथ संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे और जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता का सख्त संदेश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहार खुशियों और उत्सव का समय है और इस दौरान लोग बड़ी मात्रा में मिठाइयां और दूध से बने उत्पाद खरीदते हैं। ऐसे में मिलावट के जरिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिलावट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों में नियमित निरीक्षण करने, संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और दोषी पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली सरकार का कहना है कि त्योहारों के दौरान दिल्लीवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। सरकार ने खाद्य कारोबारियों से भी अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करें और केवल सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करें।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article