Delhi News: दिल्ली में आपात स्थिति के दौरान राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए फायर सर्विस के बेड़े में 20 फायर रिस्पॉन्स मोटरबाइक और 26 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल्स (QRV) शामिल किए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत मालवीय नगर में गीतांजलि फायर स्टेशन का उद्घाटन किया और नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गीतांजलि फायर स्टेशन के शुरू होने के साथ दिल्ली में सक्रिय फायर स्टेशनों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 120 करने का लक्ष्य रखा है। गीतांजलि स्टेशन पर 16 अग्निशमन कर्मियों के साथ एक छोटा फायर टेंडर, एक क्यूआरवी और जरूरी अग्निशमन एवं बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
संकरी गलियों में पहुंचेंगी फायर बाइक
घनी आबादी, संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में बड़े फायर टेंडर को पहुंचने में लगने वाले समय को कम करने के लिए 20 फायर रिस्पॉन्स मोटरबाइक तैनात की गई हैं। इन पर फायर फाइटिंग के लिए विशेष उपकरण लगाए गए हैं। प्रशिक्षित कर्मी इन मोटरबाइकों से तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर शुरुआती स्तर पर आग बुझाने और बचाव का काम शुरू कर सकेंगे।
26 नए क्यूआरवी, संख्या बढ़कर 50
दिल्ली फायर सर्विस में 26 नए क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल होने के बाद इनकी कुल संख्या 50 हो गई है। इन वाहनों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि आग या अन्य आपात स्थिति में शुरुआती प्रतिक्रिया का समय कम किया जा सके। सरकार ने आने वाले समय में क्यूआरवी की संख्या बढ़ाकर 100 करने का लक्ष्य रखा है।
आधुनिक अग्निशमन और बचाव उपकरणों की खरीद पर जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के हर नागरिक को आपात स्थिति में तेज और प्रभावी अग्निशमन एवं बचाव सेवा उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। वहीं, गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण, घनी आबादी और संकरी सड़कों को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस को आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही दिल्ली में आधुनिक अग्निशमन और बचाव उपकरणों की खरीद पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार की योजना के तहत हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, शहरी खोज एवं बचाव वाहन, कमांड एंड कंट्रोल वाहन, छोटे बचाव वाहन और अन्य आधुनिक उपकरणों को फायर सर्विस में शामिल किया जाएगा।
