Illegal LPG Cylinder Hoarding Delhi: बाहरी दिल्ली के मुण्डका क्षेत्र में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एलपीजी सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और काला बाजारी से जुड़े एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारकर कुल 610 गैस सिलेंडर जब्त किए, जिन्हें नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से संग्रहित किया गया था।
छापेमारी के दौरान क्या पता चला?
छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला कि गोदाम में विभिन्न कंपनियों के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर एक साथ जमा किए गए थे। जब्त किए गए सिलेंडरों में इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के सिलेंडर शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया कि गुरुजी इंडेन गैस सर्विस को केवल इंडेन कंपनी के कमर्शियल सिलेंडर ही रखने और उनकी बिक्री करने की अनुमति है, लेकिन इसके बावजूद गोदाम में अन्य कंपनियों के सिलेंडर भी रखे गए थे, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है।
कार्रवाई में कुल 610 गैस सिलेंडर जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 610 गैस सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 197 भरे हुए और 392 खाली सिलेंडर शामिल थे। इसके अलावा 21 छोटे आकार के सिलेंडर भी बरामद हुए। शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि स्टॉक रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी है। इंडियन ऑयल के अधिकारियों के मुताबिक 10 मार्च 2025 तक इस डिस्ट्रीब्यूटर के पास इंडेन के कमर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक शून्य होना चाहिए था, लेकिन गोदाम में 133 भरे हुए सिलेंडर पाए गए, जो नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करता है।
कई राज्यों में की गई छापेमारी
गौरतलब है कि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की जांच के लिए कई राज्यों में छापेमारी की गई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में एक निजी परिसर से कुल 84 अवैध रूप से जमा किए गए एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 2.22 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए 84 सिलेंडरों में 34 भरे हुए थे और बाकी खाली थे। महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने बताया कि राज्य सरकार ने गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध व्यापार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है, जिसके तहत अब तक 23 मामले दर्ज किए गए और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
