शहर

Delhi Bus Accident: राजस्थान से आ रही बस झंडेवालान के पास पलटी, दो लोगों की मौत

दिल्ली में देर रात झंडेवालान मंदिर के पास एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 23 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 लोग सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

झंडेवालान के पास बस एक्सीडेंट

Photo : ANI

Delhi Bus Accident: दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक स्लीपर बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और 23 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के बाद सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बस चालक को अरेस्ट कर लिया है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जयपुर से दिल्ली आ रही थी बस

पुलिस के अनुसार बीती रात करीब एक बजे करोल बाग थाने को पीसीआर से हादसे की सूचना मिली जिसमें बताया गया कि दुर्घटना के बाद कई यात्री एक बस के अंदर फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 30 यात्रियों को लेकर बस जयपुर से दिल्ली पहुंची थी। करोल बाग थाना प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम, पिकेट स्टाफ और रात्रि गश्त कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर बस को पलटा हुआ पाया।

जेसीबी से बस को सीधा कर फंसे यात्रियों को निकाला

अधिकारी ने बताया, ’’यात्री अंदर फंसे हुए थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे।’’ उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों, दिल्ली अग्निशमन सेवा और स्थानीय लोगों ने तुरंत फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने कहा कि पास में मौजूद एक जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा किया गया और फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जिन 10 यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया, उन्हें तुरंत गंगा राम अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद, 12 घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और एक व्यक्ति को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

बस ड्राइवर पुलिस हिरासत में

अधिकारी ने कहा कि घायल दो पुरूष यात्रियों ने राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी शाहबाज आलम (30) के रूप में हुई है जबकि अन्य की उम्र 20 वर्ष के आसपास है और उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। राजस्थान के अलवर निवासी बस चालक पंकज कुमार (26) को हिरासत में ले लिया गया है और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज हो रहा है।

अधिकारी ने बताया, ’’मामले की जांच जारी है और अस्पतालों से घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’ अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई तथा जनता और अग्निशमन विभाग की सहायता से कई जानें बचाई जा सकीं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article