Mumbai Fire News: मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर 5 में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में दम घुटने से आठ लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई। सभी नौ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है।
28 मिनट में पाया आग पर काबू
जानकारी के अनुसार, यह इमारत कोहिनूर स्कूल के पास स्थित है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुंबई फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को मंगलवार सुबह 6:53 बजे इमारत में आग लगने की सूचना मिली। आग इमारत के इलेक्ट्रिक डक्ट में बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन और विभिन्न मंजिलों पर लगे लोहे के दरवाजों तक सीमित थी। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सुबह 7:21 बजे आग पर काबू पा लिया।
सभी घायलों की हालत स्थिर
इस 12 मंजिला इमारत में आग लगने के कारण दम घुटने से आठ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई। सभी नौ लोगों का राजावाड़ी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। घायलों में ईशान अहमद (30), मोहम्मद शेख (5), फरीना बोनो (27), एजाज अहमद (65), फरीन शेख (18), नायडया शेख (14), कलीमा साहा (45), अलीना शेख (17) और जाहेद अली शेख (55) शामिल हैं। जाहेद अली शेख के दाहिने पैर में चोट आई है।
आग की सूचना मिलने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस सेवा और BMC के वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है, पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
