शहर

Delhi Blast Case: NIA को मिली बड़ी सफलता, 9वां आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में लाल किला के पास हुए बम धमाका मामले में NIA को आज बड़ी सफलता हाथ लगी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में 9वें आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो जम्मू-कश्मीर में शोपियां का मूल निवासी है। जांच एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार 9वां आरोपी पूरी साजिश में शामिल था।

Image

दिल्ली धमाका मामले में 9वां आरोपी गिरफ्तार

देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के आसपास पिछले महीने हुए भीषण कार बम धमाका मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है। बता दें कि पुरानी दिल्ली में लाल किला के पास हुए इस आतंकी हमले में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। NIA की इस ताजा कार्रवाई को बम धमाके की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान यासिर अहमद डार के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के शोपियां का रहने वाला है। ज्ञात हो कि यासिर इस मामले में गिरफ्तार किया गया नौवां आरोपी है। NIA ने उसे नई दिल्ली से हिरासत में लिया और मामले RC-21/2025/NIA/DLI के तहत गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, (UAPA) 1967 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया है।

NIA की जांच में पता चला है कि यासिर अहमद डार 10 नवंबर को हुए इस कार बम धमाके की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह इस आतंकी षड्यंत्र का हिस्सा था और उसने आत्मघाती हमले जैसी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए शपथ भी ली थी। यासिर लगातार अन्य आरोपियों के संपर्क में था, जिनमें धमाके को अंजाम देने वाला मृत आतंकी उमर उन नबी और आरोपी मुफ्ती इरफान शामिल हैं।

NIA इस आतंकी हमले के पीछे की पूरी साजिश को बेनकाब करने के लिए वह केंद्र और राज्य की कई एजेंसियों के साथ मिलकर तेजी से जांच आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में एजेंसी ने हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में कई संदिग्धों और आरोपियों के ठिकानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया था। इन छापों के दौरान कई डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।

इससे पहले, जांच एजेंसी मुख्य आरोपियों डॉ. मुजम्मिल शकील गनी और डॉ. शाहीन सईद के ठिकानों पर भी छापेमारी कर चुकी है। ये तलाशी हरियाणा में दिल्ली-एनसीआर के शहर फरीदाबाद स्थित अल फला यूनिवर्सिटी परिसर और अन्य स्थानों पर की गई थीं। NIA का कहना है कि अभी जांच जारी है और आने वाले दिनों में अन्य कई गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

Suhail Nazeer Bhat
सुहैल नाजिर भट्टauthor

सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।

और पढ़ें
End of Article