शहर

Delhi Bike Accident: हादसे की जांच के लिए समिति का गठन, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई; जांच रिपोर्ट का इंतजार

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गुरुवार रात एक भीषण हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सड़क किनारे बने गड्ढे में बाइक सवार युवक के गिरने से उसकी मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद निर्माण कार्यों में लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

Image

जनकपुरी हादसे पर समिति का गठन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Bike Accident: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, बाइक से जा रहा एक युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि युवक के अचानक लापता होने के बाद वे पूरी रात अलग-अलग थानों में भटकते रहे, लेकिन कहीं से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह पुलिस का फोन आया, तब उन्हें युवक के शव मिलने की सूचना दी गई।

मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जो रोहिणी स्थित एक बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था। बताया जा रहा है कि जनकपुरी क्षेत्र में कई प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से पीडब्ल्यूडी और दिल्ली जल बोर्ड के काम चल रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस गड्ढे में युवक गिरा, वह जल बोर्ड के कार्य के दौरान खोदा गया था। मौके पर न तो कोई बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए थे, जिससे अंधेरे में गड्ढा दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, सुबह 8 बजकर 3 मिनट पर जनकपुरी थाने को सूचना मिली कि एक बाइक सवार सड़क किनारे बने गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने तुरंत युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच क्या पाया गया?

प्रारंभिक जांच के अनुसार, जिस सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था, उसे बैरिकेड्स और ग्रीन मेश लगाकर बंद किया गया था। इसके साथ ही दुर्घटना स्थल पर मौजूद गड्ढे को भी ग्रीन मेश के जरिए घेरा गया था। घटना किन हालातों में हुई और क्या तय सार्वजनिक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी गहन जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है। यह समिति आज शाम तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

लापरवाही होगी सख्त कार्रवाई

कहा जा रहा है कि, अगर जांच के दौरान दिल्ली जल बोर्ड के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाल में हुई घटनाओं, जिनमें नोएडा की दुर्घटना भी शामिल है, को ध्यान में रखते हुए दिल्ली जल बोर्ड ने सभी कार्य स्थलों पर बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजामों की नियमित समीक्षा शुरू कर दी है। इस संबंध में पहले ही एक सर्कुलर जारी कर आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

दिल्ली जल बोर्ड ने कहा ये

दिल्ली जल बोर्ड ने जनकपुरी में चल रही पाइपलाइन पुनर्वास परियोजना (Pipeline Rehabilitation Site) के दौरान हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख जताया है और मृतक के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। बोर्ड ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही सभी कार्य स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की नियमित निगरानी की जा रही है। दिल्ली जल बोर्ड ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई असुरक्षित कार्य स्थल दिखाई दे तो उसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 1916 पर दें।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article