शहर

VIDEO: दिल्ली विधानसभा में हंगामा, आप और बीजेपी विधायकों के बीच तीखी बहस; स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने दी कार्रवाई की चेतावनी

दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान आप विधायक कुलदीप कुमार और बीजेपी विधायक रवि नेगी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने घटना पर नाराजगी जताई, वहीं स्वास्थ्य व्यवस्था और खाद्य मिलावटखोरी का मुद्दा भी सदन में गूंजा।

Image

कुलदीप कुमार और रवि नेगी के बीच तीखी नोकझोंक

Photo : ANI

दिल्ली विधानसभा का सत्र शुक्रवार को काफी हंगामेदार रहा। सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप कुमार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रवि नेगी अपनी-अपनी सीटों से उठकर आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच जोरदार जुबानी जंग हुई। सदन में बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) विजेंद्र गुप्ता ने इस घटना को 'अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया और चेतावनी दी कि यदि सदस्य इस तरह आपस में भिड़ते रहे तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्नकाल और आतिशी के गोवा दौरे पर सियासी वार-पलटवार

सदन में प्रश्नकाल (Question Hour) के आयोजन को लेकर भी बीजेपी और आप के बीच तीखी बहस हुई। आप विधायक जरनैल सिंह द्वारा प्रश्नकाल न होने पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने पूर्ववर्ती आप सरकार पर जोरदार हमला बोला।

कपिल मिश्रा ने कहा कि आपकी सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल में 5 प्रश्नकाल भी आयोजित नहीं किए। नेता प्रतिपक्ष आतिशी का गोवा में होना यह दर्शाता है कि आप सदन की कार्यवाही को लेकर कितने गंभीर हैं। आज दिल्ली की बेटियों के लिए इतना महत्वपूर्ण दिन है, फिर भी नेता प्रतिपक्ष सदन से नदारद हैं। मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आतिशी इस महत्वपूर्ण मानसून सत्र के दौरान गोवा में हैं और उन्हें सदन की कार्यवाही में कोई रुचि नहीं है।

दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही अब AI से लैस

हंगामे के बीच स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा के लाइव टेलीकास्ट को अब Artificial Intelligence (AI) से जोड़ दिया गया है। इस नई प्रणाली के जरिए सदन की पूरी कार्यवाही का रियल-टाइम ट्रांसक्रिप्शन (Text) तैयार होगा और इसे एक साथ कई भाषाओं में सुना जा सकेगा।

NJP अस्पताल की बदहाली और मिलावटखोरी का मुद्दा गूंजा

सदन में जनहित से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दे भी उठाए गए:

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: आप विधायक आले मोहम्मद इकबाल ने LNJP और जीबी पंत अस्पताल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मरीजों को वेंटिलेटर बेड के लिए ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेंट और आर्थोपेडिक रॉड बाहर से खरीदने को कहा जा रहा है तथा निजी बाउंसर मरीजों के साथ बदसलूकी करते हैं। उन्होंने वेंटिलेटर और आईसीयू बेड बढ़ाने की मांग की।

खाद्य पदार्थों में मिलावट: आप विधायक जरनैल सिंह ने खाने-पीने की चीजों में मिलावट का मुद्दा उठाया और निजी स्कूलों के कैंटीन में बच्चों को परोसे जा रहे हानिकारक जंक फूड की जांच की मांग की। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री से जिला स्तर पर सैंपलिंग टीमें बनाकर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article