शहर

Delhi AQI: मौसम के बदले मिजाज से दिल्ली की हवा कुछ बेहतर; AQI 222 पर आया, GRAP-III हटा

Delhi AQI News: कई दिनों तक गंभीर प्रदूषण झेलने के बाद दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिली है। अनुकूल मौसम और ठंडी हवाओं के असर से राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स घटकर ‘खराब’ श्रेणी में आ गया है। हालांकि हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं, लेकिन मौसम विभाग और प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों का कहना है कि सतर्कता बरतने से स्थिति को और बेहतर किया जा सकता है।

delhi aqi today

लक्ष्मीनगर इलाके में आज दिख रहा कोहरा (ANI)

Photo : ANI

Delhi AQI Today: दिल्लीवासियों को वायु प्रदूषण से कुछ राहत मिली है। कई दिनों तक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने के बाद शनिवार को राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुधरकर ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। ठंडी और हल्की तेज हवाओं के बीच शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 222 रिकॉर्ड किया गया, जो बीते दिनों की तुलना में बेहतर स्थिति को दर्शाता है।

प्रमुख इलाकों में AQI का हाल

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में AQI 248, आर.के. पुरम में 252, रोहिणी में 270 और मुंडका में 281 दर्ज किया गया। चांदनी चौक में AQI 272 और आईटीओ में 219 रहा। वहीं, बवाना (145) और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र (148) में हवा की गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर पाई गई।

मौसम ने निभाई अहम भूमिका

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शनिवार सुबह दिल्ली का तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहा। शुरुआती घंटों में हल्का कोहरा देखा गया, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम में सुधार के संकेत हैं। विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री और न्यूनतम 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

GRAP-III हटाया गया, निगरानी जारी

वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए NCR और आसपास के क्षेत्रों के लिए गठित आयोग (CAQM) की उप-समिति ने शुक्रवार शाम GRAP के स्टेज-III प्रतिबंधों को हटा लिया। हालांकि सरकार ने नागरिकों से GRAP के स्टेज-I और स्टेज-II के तहत जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि AQI दोबारा खराब न हो। जिन निर्माण और विध्वंस स्थलों को नियमों के उल्लंघन के कारण बंद किया गया है, उन्हें आयोग की स्पष्ट अनुमति के बिना दोबारा शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। CAQM की उप-समिति स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और मौसम व प्रदूषण के पूर्वानुमान के आधार पर आगे के फैसले लेगी।

गणतंत्र दिवस की तैयारियां जारी

इस बीच, इंडिया गेट पर गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रही। हालांकि क्षेत्र में हल्की स्मॉग की परत दिखाई दी, जिससे दृश्यता कुछ हद तक प्रभावित रही। कुल मिलाकर, अनुकूल मौसम के चलते दिल्ली की हवा में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि स्थायी राहत के लिए सतर्कता और नियमों का पालन बेहद जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article