शहर

सुपौल में सामुदायिक भोज बना आफत, खाने में मरी छिपकली मिलने से 150 से अधिक लोग बीमार

बिहार के सुपौल जिले में एक सामुदायिक भोज के दौरान भोजन में मरी हुई छिपकलियां मिली। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद 150 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

supaul child ill

Photo : PTI

Supaul News: बिहार के सुपौल जिले में रविवार रात एक सामुदायिक भोज के बाद करीब 150 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि भोजन में मरी हुई छिपकलियां मिली हुई थी। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी बीमार लोगों को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भोजन में मिले छिपकली के टुकड़े

जानकारी के अनुसार, यह घटना जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत स्थित दतुआ वार्ड संख्या-10 की है। प्रत्यक्षदर्शी बालकृष्ण यादव ने बताया कि भोज के दौरान लगभग 200 से 250 लोग एक साथ भोजन कर रहे थे। इसी दौरान किसी को दाल में एक पूरी छिपकली दिखाई दी। वहीं बच्चों के खाने वाले हिस्से में छिपकली के टुकड़े मिले। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत खाना खाना बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर बाद कई बच्चों और अन्य लोगों को तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में लगभग 60 से 70 बच्चों का इलाज चल रहा है।

सभी लोगों की हालत स्थिर

अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. इन्द्रदेव यादव के अनुसार, दाल में मृत छिपकली मिलने के बाद लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया। अस्पताल में बच्चों समेत 150 से अधिक लोगों भर्ती है, जिनका उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद त्रिवेणीगंज के बीडीओ अभिनव भारती भी अस्पताल पहुंचे और मरीजों के हालचाल के बारे में जानकारी ली।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article