शहर

Bareilly Crime: उधारी वसूलने गया था राहुल, पीटकर कर उतार दिया मौत के घाट; पुलिस पर बरसाईं गोलियां तो...

उत्तर प्रदेश के बरेली में उधार के रुपये न चुका पाने पर एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 अन्य की तलाश जारी है।

Image

बरेली में युवक की हत्या

बरेली : उधार के रुपये मांगने पर दलित युवक राहुल की पिटाई और इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मामला 14 जनवरी का है, जब थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला दोहरा रोड निवासी 26 वर्षीय राहुल अपने मामा के इलाज के लिए पैसों की व्यवस्था करने निकला था। परिजनों के अनुसार, वह रामगंगा नगर कॉलोनी में रहने वाले भीमा से उधार के रुपये मांगने गया था। इसी दौरान भीमा, लकी लभेड़ा और आकाश ठाकुर समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद राहुल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता पप्पू की तहरीर पर पुलिस ने पहले मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

आरोपी ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर चलाईं गोलियां

22 जनवरी की सुबह थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी लकी लभेड़ा पंचवटी एनक्लेव सेक्टर-11 में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लकी लभेड़ा के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

घायल आरोपी और सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस की टीमें गठित कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article