शहर

अमृतसर पुलिस को बड़ी कामयाबी; पाकिस्तान से जुड़े ड्रग-हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

अमृतसर में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां सीमा पार से चल रही नशा और हथियार तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया गया है। इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हेरोइन, अवैध हथियार और नकदी बरामद की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ड्रोन और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों से संपर्क में था।

Image

अमृतसर में सीमा पार से ड्रग्स और हथियारों की तस्करी करने वाले रैकेट का पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो)

Amritsar Police Drug Bust: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके पास से 1.5 किलोग्राम हेरोइन, दो अत्याधुनिक पिस्तौल, 34 जिंदा राउंड और करीब 1 लाख 98 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी अमृतसर जिले के लोपोके इलाके में स्थित गांव रानिया के निवासी हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की उम्र 19 से 33 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन चारों के खिलाफ पहले किसी तरह का आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं था।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े हुए थे। पाकिस्तान से ड्रोन की मदद से हेरोइन और अवैध हथियारों की खेप भेजी जाती थी। आरोपी अपने खेतों में ही ड्रोन को उतरवाकर सामग्री हासिल करते थे और बाद में इसे पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।

पाकिस्तानी फैक्ट्रियों में बने हथियार

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि बरामद किए गए हथियार पाकिस्तान में बनी फैक्ट्रियों के हैं, जिन पर वहां की आधिकारिक मोहर भी लगी हुई है। यह संगठित नेटवर्क न सिर्फ नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त था, बल्कि हथियारों की आपूर्ति कर राज्य की शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा था।

मामले की जांच जारी

यह पूरी कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दी गई है। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस, अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आगे-पीछे जुड़े नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी पकड़ में लाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article