शहर

मेरठ : कोचिंग इंस्टिट्यूट के टीचर को बदमाशों ने मारी गोली, घायल खुद स्कूटी चला पहुंचे अस्पताल

उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोचिंग इंस्टिट्यूट के अंग्रेजी शिक्षक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की। घायल अवस्था में खुद स्कूटी चलाकर बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया।

Image

मेरठ पुलिस

मेरठ : ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शारदा रोड पर शुक्रवार रात भरे बाजार में बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। रात करीब 9:15 बजे एक कोचिंग इंस्टिट्यूट के अंग्रेजी शिक्षक अमित त्यागी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।

गोली लगने के बावजूद अमित त्यागी ने हिम्मत नहीं हारी। पीठ में दो गोलियां लगने के बाद भी उन्होंने ऊपर जाकर चैनल गेट बंद किया और इसके बाद घायल अवस्था में खुद स्कूटी चलाकर बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के दुकानदारों व लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिक्षक की कमर में दो गोलियां लगी हैं। अभी हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और न ही किसी की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article