शहर

मुख्यमंत्री योगी कल करेंगे नोएडा और गाजियाबाद का दौरा, विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून को नोएडा और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई विकास परियोजनाओं को नई दिशा देंगे। इस दौरान सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक मुख्यालय का उद्घाटन करने के साथ-साथ औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: एएनआई)

Photo : ANI

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कल यानी 27 जून शनिवार को नोएडा और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कल के दिन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात डायवर्जन लागू किए जाने की संभावना है। सीएम योगी नोएडा प्राधिकरण की सेक्टर-96 स्थित नई प्रशासनिक इमारत का भी उद्घाटन करेंगे।

एक ही छत के नीचे संचालित होंगे सभी विभाग

अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-96 में स्थित नया प्रशासनिक भवन शहर के विभिन्न सेक्टरों और आसपास के इलाकों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस नए मुख्यालय में प्राधिकरण के सभी विभागों को एक ही परिसर में संचालित किया जाएगा, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सरकारी सेवाएं अधिक तेजी से मिल सकेंगी। फिलहाल नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग सेक्टर-6, सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 समेत कई अलग-अलग कार्यालयों से संचालित हो रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एस.पी. सिंह ने बताया कि नए मुख्यालय के निर्माण की शुरुआत 5 जनवरी 2016 को हुई थी और इसे 2 जनवरी 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, कोविड-19 महामारी और ठेकेदारों की ओर से हुई देरी के कारण परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी।

चार और आठ मंजिला दो टावरों वाला आधुनिक प्रशासनिक परिसर

शुरुआत में इस परियोजना के तहत 18 और 9 मंजिला दो टावर बनाए जाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसके डिजाइन में बदलाव किया गया। संशोधित योजना के अनुसार अब छह एकड़ क्षेत्र में चार और आठ मंजिला दो टावरों वाला आधुनिक प्रशासनिक परिसर तैयार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना की कुल लागत भी पहले के अनुमानित 478 करोड़ रुपये से घटकर 390 करोड़ रुपये रह गई है। अधिकारियों का कहना है कि सेक्टर-6 स्थित मौजूदा प्रशासनिक कार्यालय लंबे समय से जगह की कमी और पार्किंग सुविधा के अभाव जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। पर्याप्त पार्किंग न होने के कारण लोगों को अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अक्सर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

क्या है सीएम योगी के दौरे का कार्यक्रम?

वहीं दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और एक मांगलिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 12.35 बजे जेवर एयरपोर्ट, गौतमबुद्धनगर पहुंचेंगे, जहां सेक्टर-10 यीडा में अम्बर एवं ऐसेन्ट के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भी शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे सेल प्लांट परिसर सेक्टर-8 यीडा, गौतमबुद्ध नगर में सेल के सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री मेरठ मण्डल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा करेंगे और नए कार्यों की कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री इंदिरापुरम, गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां वे मंत्री सुनील शर्मा के सुपुत्र के मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article