शहर

काशी में CM योगी ने सोमनाथ के जल से किया अभिषेक, राज्यपाल रहीं मौजूद; आज दिल्ली दौरा भी प्रस्तावित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वाराणसी में सोमनाथ मंदिर के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ पूजा-अर्चना की। आज योगी का दिल्ली दौरा भी होने वाला है।

Image

मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने की पूजा अर्चना

Photo : ANI

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक विशेष आध्यात्मिक और प्रशासनिक यात्रा पर हैं। मुख्यमंत्री ने आज सुबह वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई, जिसके बाद वे बागपत और देश की राजधानी दिल्ली के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके इस सघन दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।

काशी विश्वनाथ धाम में सोमनाथ का संगम

आज सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने धर्म नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान एक बेहद खास और आध्यात्मिक संयोग देखने को मिला। सीएम योगी और राज्यपाल ने गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर से लाए गए पवित्र जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। यह आयोजन ठीक उसी समय हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के सोमनाथ में 'सोमनाथ संकल्प महोत्सव' में शामिल हो रहे थे। काशी और सोमनाथ के इस मिलन को 'अटूट आस्था की गौरव गाथा' के रूप में देखा जा रहा है। विश्वनाथ मंदिर जाने से पहले मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए 'काशी के कोतवाल' बाबा काल भैरव के मंदिर में भी शीश नवाया और उनकी आरती उतारी।

बागपत में नवनाथों की प्राण प्रतिष्ठा

वाराणसी के बाद मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव बागपत जनपद होगा। वे यहां के नांगल (मोजीजाबाद) स्थित श्री गोरक्षनाथ आश्रम, खोखरा भगवानपुर पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री 'नवनाथों की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा' एवं 'आठमान भंडारा' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। नाथ संप्रदाय से जुड़े इस आश्रम में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय अनुयायियों और प्रशासन में भारी उत्साह है।

दिल्ली में 'विजन इंडिया @ 100' पर संवाद

आध्यात्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में वे भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) द्वारा आयोजित 'CII Annual Business Summit 2026' में हिस्सा लेंगे। इस शिखर सम्मेलन का मुख्य विषय "Vision for India @ 100" है। यहां मुख्यमंत्री वैश्विक अर्थव्यवस्था, उद्योग जगत की चुनौतियों और विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपना संबोधन देंगे और उद्योगपतियों के साथ संवाद करेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article