शहर

अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने वालों पर भड़के सीएम योगी, बोले-'बेटी सबकी होती है, तुरंत दर्ज करो FIR'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आजमगढ़ से पुलिस को तुरंत FIR दर्ज करने का आदेश देते हुए अखिलेश यादव को अपने कार्यकर्ताओं को सुधारने की नसीहत दी है।

Image

अखिलेश यादव को भी दी नसीहत (फाइल फोटो)

Photo : PTI

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र और भ्रामक टिप्पणी के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बेहद बड़ा और कड़ा बयान सामने आया है। आजमगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि बेटियों का सम्मान हर हाल में होना चाहिए और उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की ओछी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि जैसे ही यह पूरा मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने यूपी पुलिस को तत्काल प्रभाव से मुकदमा (FIR) दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

'बेटी-बेटी होती है, अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं'

महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए नारी सुरक्षा और संस्कारों पर जोर दिया। सीएम योगी ने कहा कि मैं पिछले दिनों देख रहा था कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने बेहद गलत और भ्रामक टिप्पणियां की थीं। जैसे ही यह विषय मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस अधिकारियों से कहा कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करो। किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कतई स्वीकार नहीं है। बेटी तो बेटी होती है। हम सब तो उस सनातन और भारतीय संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां माना जाता है कि गांव की बेटी यानी सबकी बेटी, और गांव की बहन यानी सबकी बहन। हमने कार्रवाई करने में कोई भेदभाव नहीं किया।

अखिलेश यादव को दी नसीहत

दोषियों पर कानूनी हंटर चलाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया और कड़े लहजे में नसीहत दे डाली। सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश जी दूसरों को तो बड़ा उपदेश देते हैं, लेकिन अच्छा होगा कि वे अपने 'चेले-चपाटों' को भी थोड़ा उपदेश दें कि वे अपनी भाषा को मर्यादित और संयमित रखें। सीएम ने आगे कहा कि दूसरों के ऊपर उंगली उठाने या टिप्पणी करने से पहले स्वयं भी सोचना चाहिए कि उनके अपने लोग किस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग माताओं, बहनों, बुजुर्गों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति करते हैं। अखिलेश जी अपने लोगों को संस्कारित करें, उन्हें समझाएं। और अगर वे अपने लोगों को नहीं समझा सकते या संभाल सकते, तो उन्हें हमारे हवाले कर दें, हम उन्हें बहुत अच्छी तरह समझा देंगे।

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार बेहद आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट शेयर किए जा रहे थे। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित साइबर क्राइम थाने में पहले ही एक आधिकारिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस ने इस मामले में सोशल मीडिया हैंडल चलाने वाले तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश और आगे की जांच तेजी से शुरू कर दी है।

आजमगढ़ को मिली 955 करोड़ रुपये की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आजमगढ़ दौरे पर थे। यहाँ उन्होंने महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर से जनपद को 955 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत वाली कुल 39 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। सीएम ने सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी इन विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही विपक्ष पर जमकर राजनीतिक बाण भी छोड़े।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article