Azamgarh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में जिले के लिए लगभग 955.40 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आजमगढ़ ऋषि-मुनियों की तपोभूमि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कर्मभूमि और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाला क्षेत्र रहा है, लेकिन पिछली सरकारों की अनदेखी के कारण इसकी पहचान को नुकसान पहुंचा था। सीएम ने इस दौरान अखिलेश यादव की बेटी पर की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी के प्रति अपमानजनक भाषा या टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि वे ऐसे संस्कारों में पले-बढ़े हैं, जहां "गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन" की भावना को सम्मान दिया जाता है।
किसानों और कारीगरों को नई पहचान
महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले आजमगढ़ विकास के कई अहम क्षेत्रों में पीछे रह गया था। उस समय न तो यहां विश्वविद्यालय जैसी उच्च शिक्षा की सुविधा थी, न ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे या बेहतर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद थीं। साथ ही स्थानीय कला और शिल्प को भी वह मंच नहीं मिल पा रहा था, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आजमगढ़ की साड़ी उद्योग, मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी, हरिहरपुर की संगीत परंपरा के साथ-साथ किसानों और कारीगरों को नई पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है।
सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और एनडीए सरकार बनने के बाद स्थानीय उद्योगों और हस्तशिल्प को लगातार प्रोत्साहन मिला है, जिससे कारीगरों और व्यापारियों की आय में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रही है। हर जरूरतमंद को आवास, शौचालय, बिजली और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
नया भारत अब गुलामी के प्रतीकों को स्वीकार नहीं करेगा
सीएम ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रनायकों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि "नया भारत" अब गुलामी के प्रतीकों को स्वीकार नहीं करेगा और देश की सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन पार्टियों ने लंबे समय तक प्रदेश में शासन किया, वे विकास, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में परिणाम नहीं दे सकीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहे हैं और भारत वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बना रहा है।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने वालों पर भड़के सीएम योगी, बोले-'बेटी सबकी होती है, तुरंत दर्ज करो FIR'
डबल इंजन सरकार का सहयोग करें
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए डबल इंजन सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, संस्कृति और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हाल ही में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती, क्योंकि "बेटी, बेटी होती है" और उनके संस्कारों में यही सिखाया गया है कि "गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन होती है।"
