शहर

बस्तर के घने जंगलों तक पहुंचेगी विकास की सड़क, PMGSY-IV में विशेष प्रावधान की मांग; CM साय ने केंद्र के सामने रखा प्रस्ताव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से बस्तर में सड़क संपर्क के लिए PMGSY नियमों में विशेष ढील देने का आग्रह किया। मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Image

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर राज्य के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। बैठक में बस्तर संभाग के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के नियमों में विशेष ढील देने का आग्रह किया गया। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे।

बस्तर के लिए क्लस्टर नियम बदलने की मांग

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि बस्तर के अनेक गांव घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों में स्थित हैं। वर्तमान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत केवल 500 मीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर माना जाता है, जिससे कई छोटे गांव सड़क सुविधा से वंचित रह जाते हैं। साय ने मांग की कि बस्तर की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए, अरुणाचल प्रदेश की तर्ज पर वहां 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की अनुमति दी जाए।

विकास ही नक्सलवाद का अंत

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के दौर से बाहर निकलकर विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क न केवल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाएगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम बनेगा। सड़कें बस्तर के लिए सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला साबित होंगी।

सकारात्मक पहल का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए उस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी तरह संवेदनशील है और राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article