शहर

2027 होगा 'युवा कल्याण वर्ष', जनवरी में भोपाल में होगी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, सीएम मोहन यादव ने किया एलान

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दावा किया कि राज्य में विदेशी निवेश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक हुए निवेश समझौतों (एमओयू) में से 9,300 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। कनाडा, ब्रिटेन, जापान, चीन, आयरलैंड और दक्षिण कोरिया की कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं।

Image

मोहन यादव ने 2027 को युवा कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का किया एलान।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कई बड़ी घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को 'युवा कल्याण वर्ष'के रूप में मनाएगी। इसके साथ ही अगले वर्ष जनवरी में भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस-2026 के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित 'सशक्त उद्यमी-समृद्ध मध्यप्रदेश समिट'में कीं।

760 से अधिक एमएसएमई इकाइयों के लिए जारी कीं प्रोत्साहन राशि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 760 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को प्रोत्साहन राशि जारी की। इसके अलावा 137 स्टार्टअप्स को 1.5 करोड़ रुपये की सहायता, जबकि मध्यप्रदेश निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत बड़े उद्योगों को 1,274 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। उद्यमियों को भूमि आवंटन पत्र और बैंक ऋण स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए। इस दौरान स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई विभाग और प्ले एंड प्लग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए।

महिला उद्यमियों को सराहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 4.41 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों का संचालन महिलाएं कर रही हैं और वर्ष 2024 से 2026 के बीच एमएसएमई क्षेत्र में महिला उद्यमियों की भागीदारी 59 प्रतिशत बढ़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य में 16 औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा चुके हैं, जबकि 14 नए क्लस्टरों पर काम जारी है। साथ ही वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश के 20 उत्पादों को जीआई टैग मिला है।

इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' घोषित किया है। इस दौरान कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है और अब वे ऋण लेने की तारीख से 12 महीने के भीतर भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए 31 मार्च तक ऋण चुकाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।

मध्यप्रदेश में बढ़ रहा विदेशी निवेश

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक हुए निवेश समझौतों (एमओयू) में से 9,300 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। कनाडा, ब्रिटेन, जापान, चीन, आयरलैंड और दक्षिण कोरिया की कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक जिले के संसाधनों और क्षमता के आधार पर राजस्व मॉडल तैयार करेगी ताकि स्थानीय उद्योगों और कारोबार को बढ़ावा मिल सके।

एमएसएमई मंत्री चेतन्य कश्यप ने कही ये बात

समिट को संबोधित करते हुए एमएसएमई मंत्री चेतन्य कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। विभाग का बजट 1,100 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2,100 करोड़ रुपये किया गया है। पिछले एक वर्ष में उद्योगों के लिए करीब 1,200 औद्योगिक भूखंड आवंटित किए गए हैं और अगले डेढ़ वर्ष में 3,000 और भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article