Sardar@150 Unity March: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को अहमदाबाद के आंबली क्षेत्र से घाटलोडिया विधानसभा की ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ पदयात्रा की शुरुआत करते हुए इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मार्च सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिन्हें देश की एकता, अखंडता और आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में चल रहे इस उत्सव का उद्देश्य सामाजिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश व्यापक स्तर पर फैलाना है। इससे पहले मुख्यमंत्री पटेल 9 नवंबर को जूनागढ़ से राज्यव्यापी यूनिटी मार्च का शुभारंभ कर चुके हैं। इसी क्रम में उन्होंने सोमवार सुबह अपने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में इस मार्च को आगे बढ़ाया।
‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में 562 रियासतों को साथ लाकर देश को एकजुट किया। उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने इसी एकता की भावना को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के रूप में आगे बढ़ाया है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 को हटाकर कच्छ से कटक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक वास्तविक रूप में एक भारत की भावना को मजबूत किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण प्रधानमंत्री द्वारा सरदार पटेल को समर्पित एक अनोखी और सार्थक श्रद्धांजलि है, जो देश की शक्ति और उसके गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बन चुकी है।
विकसित भारत के निर्माण में योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में विकास केंद्रित राजनीति को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांत पर चलते हुए भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सरदार पटेल के विचारों को याद करते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और एक विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। मुख्यमंत्री का कहना था कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब सभी मिलकर एकजुट प्रयास करेंगे। यूनिटी मार्च में मौजूद लोगों ने भी स्वदेशी को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के लिए सक्रिय योगदान देने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति
अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित यूनिटी मार्च, सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि का प्रतीक है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, प्रभारी मंत्री ऋषिकेश पटेल, राज्य मंत्री दर्शनाबेन वाघेला, सांसद दिनेशभाई मकवाणा और नरहरिभाई अमीन, महानगर प्रभारी रजनीभाई पटेल, शहर के विधायक, शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरकभाई शाह, बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन धर्मिष्ठाबेन गज्जर, मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि, पुलिस आयुक्त जी.एस. मलिक, जिला कलेक्टर सुजीत कुमार, जिला विकास अधिकारी विदेह खरे, साधु-संत, पूर्व राजपरिवारों के सदस्य, पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता, युवा और विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
