शहर

चित्रकूट में पैर रखने की जगह नहीं! सोमवती अमावस्या पर उमड़ा लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब; Video में देखें हालात

चित्रकूट में सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ आया है। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच घंटों लंबे ट्रैफिक जाम में श्रद्धालु फंसे हुए हैं। देखें वीडियो।

Image

चित्रकूट में भारी भीड़

Photo : Times Now Digital

Chitrakoot News: भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में आज सोमवती अमावस्या के अवसर पर आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा है। प्रशासन के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आज करीब 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के चित्रकूट पहुंचने की संभावना जताई गई थी, और सुबह से ही यहां का नजारा कुछ ऐसा ही बयां कर रहा है। हालांकि, इस भारी भीड़ और रिकॉर्ड तोड़ भीषण गर्मी के आगे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश प्रशासन के तमाम सुरक्षा और यातायात के दावे पूरी तरह धरे के धरे नजर आ रहे हैं।

श्रद्धालु सुबह से ही पवित्र मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाने के बाद भगवान कामदगिरि की परिक्रमा कर रहे हैं। इसके साथ ही रामघाट समेत क्षेत्र के तमाम प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।

भीषण गर्मी में लगा महाजाम

मेला क्षेत्र से आ रही जमीनी रिपोर्ट बेहद चिंताजनक है। देश के कई राज्यों से आए श्रद्धालु इस वक्त भीषण गर्मी के बीच कई घंटों से भीषण ट्रैफिक जाम से जूझ रहे हैं। सोशल मीडिया पर श्रद्धालुओं के भारी भीड़ और जाम के कई वीडियो भी तेजी से सामने आ रहे हैं, जिसमें लोग बेहाल नजर आ रहे हैं।

भीड़ के अनुपात में सुरक्षा और छांव के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं दिख रहे हैं, जिससे प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है। दोपहर तक ही करीब 4 लाख से अधिक श्रद्धालु कामदगिरि की परिक्रमा क्षेत्र में दाखिल हो चुके थे, जिससे दबाव और ज्यादा बढ़ गया।

मेला क्षेत्र से दो किलोमीटर दूर रोके जा रहे वाहन

यातायात व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने एक विशेष पार्किंग प्लान लागू किया है। इसके तहत बाहरी और निजी वाहनों को मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है और उन्हें करीब दो किलोमीटर दूर बने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जा रहा है। श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल से ई-रिक्शा और ऑटो-टेंपो के जरिए यूपीटी तिराहे तक लाने की व्यवस्था की गई है।

यूपीटी तिराहे से आगे का पूरा सफर श्रद्धालुओं को पैदल ही तय करना पड़ रहा है। ई-रिक्शा की कमी और अत्यधिक भीड़ के कारण तिराहे पर भी भारी अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article