Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हैरान करने वाली हाई-प्रोफाइल चोरी का मामला सामने आया है। जहां अपराधी कोई बाहरी नहीं, पीड़ित की सगी भतीजी निकली। दरअसल जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) विजय निकुंज के घर से 4 किलो सोना और नकदी की चोरी हुई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि इस बड़ी चोरी के पीछे मास्टरमाइंट डीटीओ की सगी भतीजी मीनल निकुंज है। जिसने अपने बॉयफ्रेंड और दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मीनल और उसके बॉयब्रेंड समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
आईफोन के लिए पहली बार की चोरी
यह वारदात नारायणपुर थाना क्षेत्र के केराडीह (रैनीडांड) गांव में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि मीनल ने इससे पहले भी घर से कई बार चोरी की, लेकिन पकड़ी नहीं गई। जिससे उसका हौसला बढ़ता गया और उसने करोड़ों की इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया। मीनल ने पहली बार आईफोन खरीदने के लिए घर की अलमारी से 2 लाख रुपये चुराए। लेकिन परिवार को इस चोरी की भनक भी नहीं लगी। जिसके बाद उसने दूसरी बार 3 लाख रुपये निकाले। मीनल ने तीसरी बार अपनी दादी के कमरे की चाबी निकालकर पूरा सूटकेस ही गायब कर दिया था। इस सूटकेस में करीब 15 लाख रुपये कैश, सोने के बिस्कुट और कीमती जेवरात रखे हुए थे। इनकी कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
आरोपियों ने जन्मदिन पार्टी में उड़ाए लाखों रुपये
मीनल और इस बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान ने चोरी की इस बड़ी रकम से 25 लाख रुपये की हारियर कार खरीदी। उन्होंने रायपुर के एक विला में जन्मदिन पार्टी की। उन्होंने सिर्फ जन्मदिन पर 3 दिनों में रायपुर और दुर्ग के रिसॉर्ट में 5 लाख रुपये उड़ा दिए। इसके अलावा दोनों ने पिकनिक और मौज-मस्ती पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए।
इस मामले ने उस वक्त दिलचस्प मोड़ लिया, जब आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जशपुर के रानीदाह वॉटरफॉल में पार्टी के दौरान कोई और उनके किराए के कमरे से सूटकेस चोरी करके ले गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने गहन जांच के बाद आरोपियों को रांची के एक होटल से घेराबंदी कर पकड़ लिया है। अब तक 51.82 लाख रुपये का सामान बरामद किया जा चुका है। जिसमें हारियर कार, 3 सोने के बिस्कुट, 86 हजार रुपये नकदी, 3 मंगलसूत्र और आईफोन शामिल हैं।
