शहर

बिहार के सारण में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से मृतकों की संख्या 5 हुई, इलाज के दौरान 2 लोगों ने दम तोड़ा

इससे पहले सारण जिले में एक व्यक्ति की कथित रूप से संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद मौत हो गई। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि पानापुर थाना क्षेत्र का निवासी बताए जा रहे उस व्यक्ति को तबीयत खराब के बाद पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Image

सारण जिले में जहरीली शराब पीने से 5 की मौत। -फाइल पिक्चर

Photo : ANI

Bihar Hooch tragedy: बिहार के सारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर पांच हो गई। अधिकारियों ने बताया कि उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई है। घटना जिले के पानापुर और मढ़ौरा (मशरख) इलाके में हुई। बिहार में वर्ष 2016 से शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। अधिकारियों के अनुसार, कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने के बाद कम से कम सात अन्य लोगों का जिले के सदर अस्पताल में इलाज जारी हैं। मृतकों की पहचान संतोष महतो, सुकेन नट, धर्मेंद्र राय, रघुवर महतो और पंकज सिंह के रूप में हुई है।

इलाज के दौरान हुई मौत

इससे पहले सारण जिले में एक व्यक्ति की कथित रूप से संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद मौत हो गई। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि पानापुर थाना क्षेत्र का निवासी बताए जा रहे उस व्यक्ति को तबीयत खराब के बाद पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा, 'मौत का सही कारण पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।'

प्रशासन ने शराब बिक्री पर रोक के लिए उपाय तेज किए

उन्होंने बताया कि जिले में शराब की बिक्री और निर्माण पर रोक सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने निगरानी, एहतियाती उपाय तेज कर दिए हैं। इस बीच जिले के मढ़ौरा अनुमंडल के मशरख इलाके में मंगलवार को एक अन्य व्यक्ति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना है। ग्रामीणों का दावा है कि पानापुर इलाके में बृहस्पतिवार को एक और व्यक्ति की मौत हुई है। हालांकि जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल प्रशासन केवल पानापुर की घटना को ही संज्ञान में ले रहा है, जिसके तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

बिहार में 2016 से लागू है शराबबंदी

उन्होंने कहा, "मशरख की घटना के संबंध में किसी व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की हमें कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।" उन्होंने यह भी बताया कि उस व्यक्ति के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत बिहार सरकार ने राज्य में पांच अप्रैल 2016 से शराब की बिक्री, उपभोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया हुआ है।

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article