पीड़ित परिवार से बातचीत करती पुलिस
Karnal News: हरियाणा के करनाल में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सुभाष कॉलोनी में शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर 4-5 बदमाशों ने डकैती डाल दी। घर में 4 दिसंबर को शादी होने वाली थी और इसकी तैयारियां चल रही थीं लेकिन शादी से पहले ही बदमाश सुबह के वक्त घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर दिनदहाड़े बड़ी डकैती को अंजाम दिया।
बदमाश घर से सोना, चांदी, नकदी और गाड़ी लेकर फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने दूल्हे को गोली भी मार दी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि दूल्हा ऑस्ट्रेलिया से शादी के लिए भारत आया था।
घटना सोमवार सुबह के समय की है जब करीब 4 से 5 बदमाश घर में दाखिल हुए। अंदर मौजूद लोगों को बंधक बनाने के बाद उन्होंने अलमारियों में रखे जेवरात और नकदी को लूट लिया। बदमाश घर में लगी सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले। लूट के बाद बदमाश घर की कार भी ले गए थे, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।
सूचना मिलते ही करनाल एसपी गंगाराम पूनिया, CIA टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ने बताया कि “सुबह करीब पांच लोग घर में घुसे और एक युवक को गोली मारी, जो कंधे पर लगी है। उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। बदमाश ज्वेलरी, कैश और कार लेकर फरार हुए थे, कार बरामद कर ली गई है। बाकी आरोपियों की पहचान के लिए टीमें काम कर रही हैं।” पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। शहर में इतनी बड़ी घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।