शहर

लुधियाना में युवक की कलाई काटकर लिफाफे में डाला, दुकानदार को थमाकर बोले- उसके घर पहुंचा देना

Ludhiana News: वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर सीधे सतगुरु नगर की गली नंबर 9 स्थित राणा करियाना स्टोर पर पहुंचे। वहां उन्होंने कटी हुई कलाई को लिफाफे में रखकर दुकानदार को दे दिया और कथित तौर पर बोले- इसे युवक के घर पहुंचा देना।

Image

लुधियाना में शख्स का काटा हाथ (फोटो साभार- TNN)

Ludhiana News: लुधियाना में आपसी रंजिश के चलते एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक की कलाई काटकर शरीर से अलग कर दी, फिर कटे हुए हाथ को लिफाफे में डालकर एक दुकानदार को थमा दिया और कहा कि उसके घर पहुंचा देना। मामला लुधियाना के रेडू साहिब गुरुद्वारे के नजदीक का है। घायल युवक की पहचान बसंत नगर निवासी शक्ति सिंह उर्फ भूरा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हमलावर तेजधार हथियारों के साथ युवक के घर में घुसे और उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उसकी कलाई कटकर अलग हो गई।

लुधियाना से सामने आई हैरान करने वाली घटना

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर सीधे सतगुरु नगर की गली नंबर 9 स्थित राणा करियाना स्टोर पर पहुंचे। वहां उन्होंने कटी हुई कलाई को लिफाफे में रखकर दुकानदार को दे दिया और कथित तौर पर बोले- इसे युवक के घर पहुंचा देना। इतना कहकर आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकानदार की सूचना पर ही पुलिस को इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर पहुंचे SHO जतींदर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू की। घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय वह होश में था और बातचीत कर रहा था।

हमले के पीछे पुरानी आपसी रंजिश

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी आपसी रंजिश है। पुलिस के मुताबिक, घायल शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर पहले से ही करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं हमला करने वाले आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल और राणा करियाना स्टोर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस का कहना है कि दुकान पर लिफाफा देने आए आरोपी CCTV फुटेज में कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article