Delhi Shahdara News: दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने साथ एक बोतल में पेट्रोल लेकर स्कूल आई थी। स्कूल परिसर में ही उसने यह कदम उठा लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, छात्रा के पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है।
12वीं की छात्रा ने किया आत्मदाह
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही क्राइम सीन टीम, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। इसके साथ ही स्कूल प्रशासन, सहपाठियों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस को मिली थी आग लगने की सूचना
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर इलाके के एक स्कूल से आज आग लगने की घटना को लेकर PCR कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना कृष्णा नगर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मौके पर स्कूल के गार्ड रूम के पीछे लगभग 18 वर्षीय 12वीं कक्षा की एक छात्रा जली हुई हालत में मिली। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से और मृतका के स्कूल बैग से कुछ सामग्री बरामद की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित साक्ष्य एकत्र किए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अमृतसर में स्कूटी साइड करने की बात पर हुआ विवाद, 28 साल के युवक की गोली मारकर हत्या
घटना से मिला तीन पन्ने का सुसाइड नोट
पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है और आगे की पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि मृतका के पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, हालांकि पुलिस ने अभी नोट के कंटेंट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज, स्कूल स्टाफ और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया। दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर और इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
