चण्डीगढ़

Chandigarh: शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 3 फरवरी को लगेगा एक्सपो, लोगों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 30, 2023, 08:52 PM IST

Chandigarh News: चंडीगढ़ को ग्रीन सिटी बनाने के लिए कई तरह की पहल हो रही है। यहां डीजल वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी है। अब डीजल-पेट्रोल से चलने वाले नए वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। वहीं, लोगों में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल की जानकारी के लिए पहली बार इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सपो लगाया जा रहा है। इसमें लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी तमाम जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही सरकारी लाभों को भी बताया जाएगा, जिससे लोग जल्द इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी करें। हाल के वर्षों में शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी बढ़ी भी है।

Image

इलेक्ट्रिकल व्हीकल एक्सपो (सांकेतिक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • 3 फरवरी से 5 फरवरी तक चलेगा एक्सपो
  • सेक्टर 34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में होगा आयोजन
  • देश भर की 50 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग

Chandigarh Electric Vehicle Expo 2023: चंडीगढ़ में पहली बार इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सपो का आयोजन हो रहा है। यह एक्सपो तीन फरवरी से 5 फरवरी तक चलेगा। इसका आयोजन सेक्टर 34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में हो रहा है। एक्सपो में देश भर के इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। यह कंपनी अपने वाहनों के बारे में लोगों को जानकारी देंगी। कंपनी प्रतिनिधि अपने वाहनों को दिखाएं और टेस्ट ड्राइव की भी सुविधा देंगे।

इस बारे में चैंबर ऑफ कॉमर्स हरियाणा चैप्टर के अध्यक्ष प्रणव गुप्ता का कहना है कि सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की गईं हैं। इन योजनाओं के बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं है। इस एक्सपो के जरिए शहरवासियों को इलेक्ट्रिक वाहनों की उपयोगिता एवं भविष्य के लाभ की जानकारी दी जाएगी।

सरकार की इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी की दी जाएगी जानकारी

एक्सपो में चार फरवरी को हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री द्वारा राज्य सरकार की इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी की जानकारी दी जाएगी। प्रणव ने बताया कि दो एवं चार पहिया वाहन, बस, साइकिल समेत इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री और खरीद को लेकर कई नीतियां बनी हुईं है। इन नीतियों का बहुत लाभ उठाया जा सकता है। बताया कि इस एक्सपो में 50 से अधिक कंपनियां आ रहीं हैं।

5 साल में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत पहुंचाने का लक्ष्य

सरकार की मंशा है कि चंडीगढ़ में अगले 5 साल में रजिस्टर होने वाली गाड़ियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत हो जाए। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष में 2024-25 में 100 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2026-27 तक निजी कारों में से 50 प्रतिशत कार इलेक्ट्रिक करने का लक्ष्य है। इसका मतलब है कि नई कारों में 50 प्रतिशत कार इलेक्ट्रिक होगी। गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में चंडीगढ़ में दो पहिया 17 हजार वाहन और 26274 कार की बिक्री हुई है। 2020 में शहर में इलेक्ट्रिक 370 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ था। 2021 में यह संख्या बढ़कर 734 हो गई। 2022 के नवंबर में 2278 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे गए।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article