Chandigarh: चंडीगढ़ में आयोजित एक शादी समारोह में बड़ा हादसा सामने आया है। इसमें चंडीगढ़ के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) प्रवीर रंजन और उनकी पत्नी और डीएसपी गुरमुख सिंह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि लेक क्लब में चंडीगढ़ पुलिस के एक एसएचओ की बेटी का शादी समारोह चल रहा था। जिसमें शामिल होने के लिए डीजीपी अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे। यहां लगा टेंट तेज हवाओं के कारण नीचे आ गिरा। टेंट के नीचे बैठे डीजीपी और उनकी पत्नी पर टेंट में लगा लोहे का पिलर आ गिरा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत डीजीपी, उनकी पत्नी और डीएसपी को लेकर सेक्टर 16 हॉस्पिटल पहुंचे। जहां पर प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को पीजीआई रैफर कर दिया गया। यहां के ट्रामा सेंटर में डीजपी व उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि लोहे का पिलर गिरने से डीजीपी का सिर फट गया। उनके सिर में 12 टांके आए हैं। वहीं उनकी पत्नी मालविका के सिर में भी 4 टांके आए हैं। इसके अलावा डीएसपी गुरमुख सिंह के सिर, कंधे और पीठ में गंभीर चोटें लगी हैं। हालांकि तीनों अब खतरे से बाहर हैं।
