शहर

Gorakhpur: विजयदशमी शोभायात्रा के बीच फंसी एंबुलेंस, CM योगी ने रुकवा दी यात्रा, देखें Video

गोरखपुर में विजयदशमी शोभायात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए यात्रा रुकवा दी। एंबुलेंस निकलने के बाद शोभायात्रा फिर आगे बढ़ी।

Image

गोरखनाथ मंदिर की विजयदशमी शोभायात्रा के दौरान एंबुलेंस को मिला रास्ता

गोरखपुर में विजयदशमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर से निकली पारंपरिक शोभायात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए यात्रा रुकवा दी। मंगलवार शाम मंदिर के मुख्य द्वार के आगे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच एक एंबुलेंस फंस गई। ऐसे में परंपरा और प्रोटोकॉल से ऊपर मानवता को प्राथमिकता देते हुए सीएम योगी ने यह कदम उठाया और शोभायात्रा को कुछ समय के लिए रोककर मरीज की गाड़ी को सुरक्षित रास्ता दिलवाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में पारंपरिक विजयदशमी शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे थे। इसी दौरान गोरखनाथ मंदिर के मुख्य द्वार के पास एक एंबुलेंस पहुंची। जिसमें गंभीर हालत में एक मरीज था। भीड़ के कारण एंबुलेंस को आगे निकलने में परेशानी हो रही थी। जैसे ही एंबुलेंस के सायरन की आवाज मुख्यमंत्री के वाहन तक पहुंची, उन्होंने शोभायात्रा को रोककर एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाने को कहा।

सुरक्षाकर्मियों ने एंबुलेंस के लिए कराया रास्ता खाली

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और शोभायात्रा की गति रोक दी। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और नागरिकों ने भी सहयोग करते हुए एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया। इसके बाद एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के वहां से निकल गई। एंबुलेंस के गुजरने के बाद ही विजयदशमी शोभायात्रा दोबारा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आम जनता और इंटरनेट यूजर्स मुख्यमंत्री की इस मानवीय पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे सच्चे नेतृत्व की मिसाल बता रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article