Jharkhand Crime: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में दुर्गा पूजा के दौरान एक बेहद हैरान करने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक फूड स्टॉल पर वेज रोल (Veg roll dispute murder) मिलने में हुई मामूली सी देरी के बाद बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बुधवार तड़के करीब 12:30 बजे आदित्यपुर के AIADA भवन के पास एक दुर्गा पूजा पंडाल के नजदीक घटी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर के मानगो इलाके में रहने वाला शेखर अपने एक दोस्त के साथ दुर्गा पूजा का पंडाल घूमने गया था। पंडाल के पास उसने एक स्टॉल पर खाने के लिए वेज रोल का ऑर्डर दिया। आरोप है कि दुकानदार ने ऑर्डर तैयार करने में काफी देर कर दी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वेज रोल नहीं मिला, तो शेखर ने अपना ऑर्डर रद्द करने और पैसे वापस मांगने की बात कही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Kupwara Encounter: कुपवाड़ा में सेना का बड़ा एक्शन, LoC पर घुसपैठ की साजिश नाकाम; केरन सेक्टर में दो आतंकी ढेर
मामूली बात को लेकर कहासुनी
इसी बात पर शेखर और स्टॉल के मालिक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद को बढ़ता देख मौके पर मौजूद दुर्गा पूजा समिति के कुछ सदस्यों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन गुस्से में अंधा हो चुके ईटरी मालिक और उसके स्टाफ ने समिति के लोगों पर भी चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में शेखर समेत चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के बाद इलाके में सनसनी
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। शेखर को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल (TMH) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी रोष है।
पुलिस आरोपी की कर रही तलाश
सदर एसडीपीओ (Sub-Divisional Police Officer) अनुभव भारद्वाज ने मीडिया को बताया कि यह पूरा मामला मामूली कहासुनी और व्यक्तिगत रंजिश के चलते उपजे विवाद का नतीजा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए तेजी से छापेमारी की जा रही है। त्यौहार के माहौल में इस तरह की हिंसा ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
(पीटीआई-इनपुट)
