Chandigarh News: चंडीगढ़ नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए अनुमानित बजट की घोषणा कर दी है। इस बार नगर निगम ने शहर के डेवलपमेंट पर 2176 करोड़ रुपये खर्च करने के लिए बजट पास किया है। यह चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा जारी आज तक का सबसे बड़ा बजट है। बजट प्रस्तुत करते हुए निगम ने घोषणा की है कि वह अपनी कमाई बढ़ाने के लिए इस वर्ष बांड भी लांच करेगा। नगर निगम ने इस बार शहर के लोगों को सबसे बड़ी राहत यह दी है कि, इस वर्ष निगम की तरफ से कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया गया है। वहीं, इस बजट में सबसे बड़ी निराश यह है कि, निगम इस वित्त वर्ष को लेकर किसी नए प्रोजेक्ट का ऐलान भी नहीं किया है। निगम इस साल सिर्फ पुराने प्रोजेक्ट को पूरा करने पर खर्च करेगा।
बता दें कि, केंद्र सरकार द्वारा पहले ही चंडीगढ़ के डेवलपमेंट के लिए 555 करोड़ रुपये की ग्रांट इन एड पास किया जा चुका है। इसे नगर निगम ने अपने बजट में शामिल किया है। इसके निगम ने दिल्ली फाइनेंस कमीशन की चौथी सिफारिश के अनुसार 1332 करोड़ रुपये की ग्रांट इन एड की मांग भी की है। साथ ही स्मार्ट सिटी के लिए नगर निगम ने 60 करोड़ 77 लाख रुपये और बिजली सेस के तौर पर 22 करोड़ रुपये फंड मांगी है। अपने बजट में निगम ने दावा किया है कि इस वित्त वर्ष उसकी कमाई 793 करोड़ रुपये होगी। निगम ने अपने कैपिटल हेड में 465 करोड़ और रेवेन्यू हेड के लिए 1400 करोड़ रुपये का बजट पास किया है।
