शहर

Maihar News: NH-30 पर शराबियों का कहर, यात्री बस पर पथराव, 45 लोगों की जान खतरे में!

NB-Content\29 JAN\MAIHAR BUS ATTACKEDमैहर में NH-30 पर शराबियों ने मऊगंज से नागपुर जा रही एक बस पर पथराव किया और उसके चालक, परिचालक व हेल्पर को बुरी तरह से पीटा। इस दौरान बस में सवार 45 यात्री जान बचाकर अपनी सीटों पर दुबके रहे। इस घटना में चालक समेत कई लोग घायल हो गए।

Image

मैहर में बस पर हमला

Maihar Bus Attack: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में NH-30 पर शराबियों के उत्पात ने एक बस में सवार यात्रियों की जान खतरे में डाल दी। बुधवार रात करीब 8 बजे एक विजयंत ट्रेवल्स की बस ओढ़की टोल प्लाजा के पास से गुजर रही थी। तभी बीच हाईवे पर बस को रोककर पथराव किया गया। जिसके बाद बस के अंदर घुसकर चालक, परिचालक और हेल्पर के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान बस में सवार 45 यात्री दहशत में सीटों पर दुबककर बैठे रहे।

ओढ़की टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों से गाली-गलौच

जानकारी के अनुसार ओढ़की टोल प्लाजा पर बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक लेन नंबर-7 में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे। टोल कर्मियों ने उन्हें रोका और बाइक लेन में जाने के लिए कहा, जिस पर युवकों ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी दौरान मऊगंज से नागपुर जा रही विजयंत ट्रेवल्स की बस उसी लेन में पहुंच गई। टोल कर्मियों ने शराबी युवकों को वहां से हटा दिया। जिसके बाद युवक अपनी बाइक को बस के आगे-आगे दौड़ाते हुए अपने साथियों को फोन करने लगे।

बस चालक गंभीर रूप से घायल

कुछ दूरी पर पड़हा पेट्रोल पंप के पास करीब 5 युवकों ने बस को रुकवाकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने सड़क पर पड़े बड़े पत्थरों से बस पर हमला किया। जिससे बस का अगला कांच चकनाचूर हो गया और कांच के टुकड़े यात्रियों की सीटों तक फैल गए। इस पथराव के दौरान परिचालक की आंख में चोट आ गई। इसके बाद हमलावर बस के अंदर घुस आए और उन्होंने परिचालक व हेल्पर की जमकर पिटाई की। उन्होंने चालक के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मोबाइल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान

बस के चालक ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन में भर्ती कराया। पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मोबाइल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और कुछ आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल कुछ आरोपी भागते समय अमरपाटन–सतना रोड पर ग्राम गड़ौली के आगे रोड एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बाद में सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक चालक–परिचालक की व्यवस्था कर रात 12 बजे बस को नागपुर के लिए रवाना किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article