बिहार की राजधानी पटना और कई अन्य जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च से राज्य में नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर देखने को मिलेगा। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राज्य में कई जगहों पर गरज-चमक, तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
IMD के अनुसार बिहार में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। इस दौरान किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खास तौर पर खुले स्थानों पर रहने या खेतों में काम करने वाले किसानों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने को कहा गया है।
विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पटना सहित समूचे बिहार के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले चार दिनों तक बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को बिहार में सबसे ज्यादाअधिकतम तापमान बक्सर में दर्ज हुआ, जहां पारा 37.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी का असर राज्य कई जिलों में बना हुआ है, लेकिन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के बाद मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार 14 मार्च को उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी बिहार के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई थी। वहीं, कल यानी मंगलवार 17 मार्च को राज्य के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में गरज के साथ बारिश और ठनका गिरने का खतरा हो सकता है।
18 और 19 मार्च को भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार 20 मार्च को उत्तर और दक्षिण-पूर्वी बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान लोगों को सलाह दी जाती है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है। मौसम के इस बदलाव से एक तरफ गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।
