Chapra Accident News: बिहार के छपरा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में शामिल सभी लोग आर्केष्ट्रा के सदस्य हैं और एक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह हादसा हुआ।
पिकअप पलटने के बाद डंपर ने रौंदा
यह हादसा छपरा-रिविलगंज मार्ग पर पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार आर्केस्ट्रा के सदस्य छोटा ब्रह्मपुर इलाके में आई बारात से वापस आ रहे थे। उनकी गाड़ी तेज रफ्तार से जा रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन पलट गया। जिससे पिकअप में सवार लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे आ रहे एक डंपर ने उन्हें रौंद दिया। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि उन्हें संभलने के मौका भी नहीं मिला। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
दो घायलों की हालत गंभीर
पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे में घायल हुए सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान कमलेश ग्वाल के बेटे अवधेश ग्वाल, सुनील यादव की पत्नी सोनी देवी, जगदीश राम के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और मनोज कुमार की पत्नी प्रीति देवी के रूप में हुई है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
