शहर

बिहार का मौसम (3 Feb 2026) Bihar Weather Today: कोहरे के बीच बारिश की एंट्री, बिहार में अगले 48 घंटे भारी, IMD का 'येलो अलर्ट'

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 3 Feb 2026: बिहार में घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है और कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की जा रही है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादलों के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है। अगले कुछ दिनों में धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार के कई इलाकों में आज बारिश की संभावना

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (3 Feb 2026): बिहार में कोहरा फिलहाल पीछा छोड़ने के मूड में नहीं दिख रहा है। सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ। सबसे खराब हालात छपरा में देखने को मिले, जहां दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर तक सिमट गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, हालांकि एक-दो दिन बाद धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है।

इन जिलों में आज हो सकती है बूंदाबांदी

नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार के दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में आज बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कैमूर और रोहतास जैसे जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पटना और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूप की लुका-छिपी रहने के आसार हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मुजफ्फरपुर सोमवार को राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान केवल 19°C दर्ज किया गया। वहीं किशनगंज 27.1°C के साथ सबसे गर्म रहा। अगले 24 घंटों में रात और दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, लेकिन जिन जिलों में बारिश होगी, वहां ठंड का अहसास फिर से बढ़ सकता है।

क्यों नहीं छंट रहा है कोहरा?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा की गति बेहद धीमी होने और वातावरण में नमी की अधिकता के कारण संघनन (Condensation) की प्रक्रिया तेज हो गई है। रात के समय तापमान गिरने से जलवाष्प पानी की छोटी बूंदों में बदलकर कोहरे का रूप ले ले रही है। जब तक हवा की रफ्तार में तेजी नहीं आती, तब तक सुबह के समय कोहरे से पूरी राहत मिलने की उम्मीद कम है।

10 फरवरी से मिलेगी राहत

बिहारवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि 4 फरवरी से कोहरे में कमी आने लगेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। 10 फरवरी के बाद कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगभग खत्म होने की संभावना है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लोगों को सुबह और देर रात सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article