शहर

बिहार का मौसम (24 Mar 2026) Bihar Weather Today: 48 घंटे बाद फिर पलटी मारेगा बिहार का मौसम, भारी बारिश के साथ गिरेगा ठनका; 50 किमी की रफ्तार से आंधी का अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24 Mar 2026: बिहार में मौसम इन दिनों अलग तरह व्यवहार कर रहा है। जहां एक तरफ सूरज के तीखे तेवर पसीने छुड़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बादलों की फौज फिर से घेराबंदी की तैयारी में है। चैती छठ के पावन अवसर पर व्रत करने वालों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहने वाला है। आइए मौसम विभाग (IMD) के हवाले से जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में लौटेगी बारिश

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (24 Mar 2026): बिहार के आसमान पर धूप और छांव की लुका-छिपी जारी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के पारे ने ऐसी छलांग लगाई है कि लोग चिलचिलाती गर्मी महसूस करने लगे हैं। पटना से लेकर पूर्णिया तक अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है। फिलहाल, कैमूर 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों तक गर्मी का यह सितम अभी और बढ़ेगा, जिससे तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है।

चैती छठ व्रतियों के लिए राहत की खबर

अच्छी बात यह है कि मंगलवार और बुधवार को मौसम सुहाना बना रहेगा। हालांकि तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन आसमान में बादलों की मौजूदगी और हल्की पछुआ हवाओं के कारण चैती छठ व्रतियों को भीषण तपिश का सामना नहीं करना पड़ेगा। पटना में मंगलवार को सूर्यास्त शाम 6:02 बजे होगा, जो व्रत के अनुष्ठानों के लिए अनुकूल रहेगा।

26 मार्च से फिर बदलेगा मिजाज

अगर आपको लग रहा है कि अब गर्मी अब लौट आई है, तो ठहर जाइए। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ बिहार में दस्तक देने वाला है। इसके प्रभाव से राज्य के उत्तर और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी। IMD ने ठनका गिरने को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। 26 और 27 मार्च को चंपारण, सीवान, सारण के साथ-साथ मुजफ्फरपुर, वैशाली और दरभंगा जैसे जिलों में झमाझम बारिश के आसार हैं। दक्षिण बिहार के रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में भी बादलों का तांडव देखने को मिल सकता है।

तापमान में आएगी गिरावट

इस बारिश और आंधी के आने से एक बार फिर पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़े समय के लिए मुक्ति मिलेगी। पूर्णिया और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में भी सप्ताहांत तक बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि, किसान भाइयों के लिए यह चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ बारिश कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article