बिहार में आज का मौसम (17 Feb 2026): बिहार में जाड़ा अब विदाई की दहलीज पर है। मौसम का मिजाज ऐसा है कि सुबह-शाम की हल्की गुलाबी ठंड के बीच दिन की चटख धूप अब पसीने छुड़ाने लगी है। आलम यह है कि पटना जैसे शहरों में लोगों ने अब कम स्पीड पर पंखे चलाने शुरू कर दिए हैं।
पारा पहुंचा 31 के पार
बिहार के तापमान के आंकड़े बता रहे हैं कि गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। सोमवार को कैमूर जिला 31.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके अलावा शेखपुरा, सुपौल और खगड़िया में भी पारा 29 डिग्री के पार जा चुका है। राजधानी पटना में भी अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है, जहां बांका में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं सबौर में अब भी 10.6 डिग्री सेल्सियस के साथ हल्की ठंड बरकरार है।
किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा बसंत
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार का बसंत असली रूप में नजर आ रहा है, जो खेती-किसानी के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। आम और लीची में मंजरियों के आने के लिए फिलहाल तापमान एकदम सटीक है। जानकारों का मानना है कि इस बार फसल बेहतरीन होने की उम्मीद है। गेहूं और दलहन में भी इस गर्माहट भरे मौसम का फायदा मिलने वाला है।
होली तक रह सकती है सिहरन
मौसम विभाग की मानें तो फरवरी के अंत तक मौसम का यह लुका-छिपी वाला खेल जारी रहेगा। हालांकि दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन रजाई या भारी कंबल को पूरी तरह पैक करने के लिए आपको होली तक का इंतजार करना होगा। होली के बाद ही मौसम पूरी तरह गर्मी की ओर शिफ्ट हो जाएगा। तब तक सुबह और रात की हल्की ठंडक से बचने के लिए हल्के गर्म कपड़ों का साथ जरूरी है।
अगले 7 दिनों कैसा रहेगा बिहार के मौसम का हाल
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 17 फरवरी से लेकर अगले एक सप्ताह (22 फरवरी) तक बिहार में बारिश या कोहरे की कोई संभावना नहीं है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, जिसका मतलब है कि दैनिक गतिविधियों और खेती-किसानी के लिए आने वाला सप्ताह बहुत ही शानदार रहने वाला है।
