बिहार में आज का मौसम (14 June 2026): बिहार के मौसम को लेकर एक बेहद बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। राज्य में बीते 15 वर्षों के इतिहास में पहली बार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अपने तय समय से तीन दिन पहले ही दस्तक दे दी है। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधेपुरा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यदि परिस्थितियां इसी तरह अनुकूल बनी रहीं तो आगामी 72 घंटों के भीतर मानसून पूरे सूबे को कवर कर लेगा। भले ही मानसून समय से पहले आ गया हो, लेकिन लोगों को अभी भी मूसलाधार बारिश का इंतजार है। इसी बीच, मौसम विभाग ने आज रविवार को राज्य के 12 जिलों में तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और आकाशीय बिजली (वज्रपात) को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
इन 12 जिलों में 60 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी (Bihar Weather Today)
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रविवार को सीमांचल, कोसी और अंग क्षेत्र के जिलों में मौसम का मिजाज बेहद आक्रामक हो सकता है। जिन 12 जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आंधी-पानी के समय खुले मैदानों, बिजली के खंभों और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें और किसान भाई खेतों से निकलकर तुरंत पक्के मकानों में चले जाएं।

आज इन जिलों में अलर्ट (चित्र साभार: IMD)
पिछले 5 साल बिहार में मानसून की स्थिति (Monsoon Update 2026)
बिहार में आमतौर पर मानसून के आगमन की मानक तिथि 13 से 15 जून मानी जाती है। बीते कुछ वर्षों में मानसून की चाल की बात करें तो साल 2022 में बिहार में मानसून 13 जून को आया था और अगले 3-4 दिनों में पूरे राज्य में फैल गया था। साल 2023 में 12 जून को राज्य में मानसून का आगमन हुआ था और अगले 2-3 दिनों में पूरे बिहार में फैल गया था। 2024 की बात करें तो मानसून ने थोड़ी देरी करते हुए 21 जून को बिहार में आया था और अगले 4 दिनों में पूरे राज्य में फैल गया था। पिछले साल 17 जून को मानसून राज्य में दाखिल हुआ और अगले 2 दिनों में ही पूरे राज्य को समेट लिया।
इस साल मानसून तय समय से 3 दिन पहले ही 11 जून को बिहार में दाखिल हुआ और संभावित रूप से अगले तीन दिनों में पूरे राज्य में फैलेगा।
26 जिले 'ग्रीन जोन' में, लेकिन उमस वाली गर्मी करेगी परेशान
अलर्ट वाले 12 जिलों को छोड़कर बिहार के बाकी 26 जिलों को फिलहाल 'ग्रीन जोन' में रखा गया है, यानी वहां किसी भारी आपदा की आशंका नहीं है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे हवा में नमी बढ़ेगी और उमस वाली गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। इन जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वर्तमान में मानसूनी हवाओं की उत्तरी सीमा मुजफ्फरपुर में आकर ठहर गई है। वर्तमान में राज्य के 22 जिलों तक मानसून पहुंच चुका है और बाकी हिस्सों में अगले तीन दिनों में इसके पहुंचने से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।
राजधानी पटना के लिए अगले 4 दिनों का वेदर शेड्यूल (Patna Weather Today)
आज रविवार को पटना में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। चिलचिलाती धूप सीधे नहीं चुभेगी, लेकिन उमस रहेगी। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कल सोमवार को सुबह के वक्त आसमान साफ रहेगा, लेकिन दोपहर के बाद बादलों की आवाजाही से उमस का ग्राफ और ऊपर जाएगा। मंगलवार-बुधवार को पटना में बादलों का डेरा काफी मजबूत हो जाएगा। शहर और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ने की उम्मीद है। इस दौरान आकाशीय बिजली का खतरा भी रहेगा, तापमान गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
