बिहार में आज का मौसम (13 Jan 2026): बिहार में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ नजर आने लगा है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने भी जनजीवन को प्रभावित किया है।
अगले 10 दिन नहीं मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। अगले 10 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। बीते दिन यानी सोमवार को राज्य के 24 जिलों में कोल्ड-डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जबकि 14 जिलों में येलो अलर्ट लागू रहा।
उत्तर बिहार में ठंड ज्यादा, दक्षिण में हल्की धूप के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर बिहार में ठंड का असर दक्षिण बिहार की तुलना में ज्यादा रहेगा। 14 जनवरी तक उत्तर बिहार के कई इलाकों में शीत दिवस और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं दक्षिण बिहार में सुबह कोहरा छाए रहने के बाद दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है।
पटना के मौसम का हाल
राजधानी पटना में मंगलवार को हल्का कुहासा देखने को मिल सकता है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल पटना के लिए कोल्ड-डे या शीतलहर का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, गोपालगंज, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा और पूर्णिया शामिल हैं। इन इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो चेतावनी जारी की गई है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है।
| जिला | न्यूनतम तापमान (°C) |
| पटना | 10.7 |
| गया | 8.2 |
| भागलपुर | 8 |
| पूर्णिया | 8.9 |
| पश्चिम चम्पारण (वाल्मीकि नगर) | 8 |
| मुजफ्फरपुर | 10 |
| सारण (छपरा) | 8.4 |
| दरभंगा | NA |
| सुपौल | 8.6 |
| अररिया (फारबिसगंज) | 11 |
| भागलपुर (सबौर) | 5.2 |
| रोहतास (डेहरी) | 10 |
| पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) | 8.5 |
| मधुबनी | 8 |
| शेखपुरा | 8.3 |
| मधेपुरा | NA |
| बक्सर | 8.1 |
| समस्तीपुर | 6.4 |
| वैशाली | 7.2 |
| औरंगाबाद | 8.1 |
| बांका | NA |
| नालंदा (राजगीर) | 10.2 |
| सिवान (जीरादेई) | 6.4 |
| समस्तीपुर (पूसा) | 4.6 |
| किशनगंज | 7.3 |
| सहरसा (अगवानपुर) | 7 |
| अरवल | 10.9 |
| रोहतास (बिक्रमगंज) | 10.2 |
| मुंगेर | 9.7 |
तापमान में गिरावट और बारिश के भी संकेत
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 17 जनवरी के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। वहीं 20-21 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार भी जताए गए हैं।
क्यों पड़ रही है इतनी ठंड?
वैज्ञानिकों के मुताबिक, हिमालयी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ठंडी हवाएं बिहार तक पहुंच रही हैं। इसी कारण तापमान लगातार गिर रहा है और कोल्ड डे या शीत दिवस की स्थिति बन जा रही है। साथ ही घने कोहरे का असर भी बढ़ता जा रहा है।
कोल्ड-डे क्या होता है?
जब मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री तक कम रहे, तो उसे कोल्ड-डे कहा जाता है। अगर अधिकतम तापमान में 6.5 डिग्री से ज्यादा की गिरावट हो जाए, तो स्थिति को गंभीर शीत दिवस माना जाता है।
