Rahul Gandhi High Tea Opposition MPs Meeting: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ’इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को मंगलवार शाम अपने आवास पर 'जलपान' (हाई टी) के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान "वोट चोरी" के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शन की रणनीति और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, जलपान के बाद विरोध-प्रदर्शन या संयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी हो सकता है, लेकिन इस योजना की जानकारी गुप्त रखी गई है। जहां इस सब पर भाजपा की भी नजर होगी।
गांधी के पांच, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब विपक्षी दलों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च निकाला। विपक्षी नेताओं ने इस मामले में उच्चतम न्यायालय में एक याचिका भी दायर की है।
'हाई टी' बढ़ाएगी विपक्ष में नजदीकियां
इस बीच, राहुल गांधी द्वारा आयोजित 'हाई टी' को विपक्षी दलों के बीच समन्वय और एकजुटता को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पिछले कुछ समय से एसआईआर के मुद्दे पर सरकार तथा निर्वाचन आयोग को घेर रहे हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची की शुचिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।
इस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ लड़ाई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 'आजादी की दूसरी लड़ाई' करार दिया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाकर 'समाज को बांटने' का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, फिर भी कोई संवैधानिक संस्था इसके खिलाफ आवाज नहीं उठा रही है।
