शहर

राजस्थान में पटाखों की दुकान में लगी भीषण आग, कांग्रेस पार्षद और उनके पति की जिंदा जलकर मौत

राजस्थान के पाली जिले के फलना में दिवाली की रात पटाखों की दुकान में आग लगने से कांग्रेस पार्षद उषा देवी पूनमिया और उनके पति प्रकाश की मौत हो गई। उन्हें बचाने पहुंचे प्रकाश के भाई गौतम झुलस गए।

Image

पाली में पटाखे की दुकान में लगी आग (Times Now Navbharat)

राजस्थान के पाली जिले से दिवाली के बीच एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां फलना कस्बे में पटाखों की एक दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में कांग्रेस की पार्षद उषा देवी पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की मौत हो गई। दोनों की उम्र 68 और 70 साल थी। वहीं, उन्हें बचाने की कोशिश में प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया भी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है। यह हादसा रविवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर पटाखे रखे हुए थे। इसी दौरान सड़क पर कुछ लोग पटाखे जला रहे थे। अचानक जलते हुए पटाखों से निकली एक चिंगारी दुकान के बाहर रखे पटाखों पर जा गिरी। इसके बाद वहां आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया।

चिंगारी से लगी आग ने लिया भयानक रूप

पुलिस के मुताबिक, फलना कस्बे में स्वर्ण मंदिर के पास पूनमिया परिवार की पटाखों की दुकान थी। दिवाली के मौके पर दुकान के बाहर भी पटाखे सजाकर रखे गए थे। रात में आसपास लोग पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान एक चिंगारी दुकान के बाहर रखे पटाखों तक पहुंच गई। पटाखों में आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी और दुकान के आसपास का इलाका धुएं और लपटों से घिर गया। इस हादसे में दुकान के मालिक परिवार के दो लोगों की जान चली गई।

पति-पत्नी की एक साथ मौत

इस घटना में कांग्रेस पार्षद उषा देवी पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की मौत हो गई। उषा देवी 68 साल की थीं और खुडाला-फलना नगरपालिका के वार्ड नंबर 23 से पार्षद थीं। उनके पति प्रकाश की उम्र 70 साल थी। दोनों की मौत से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। दिवाली के त्योहार के बीच हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दुखी कर दिया है।

भाई को बचाने पहुंचे गौतम, खुद भी झुलसे

हादसे के दौरान प्रकाश पूनमिया के बड़े भाई गौतम पूनमिया ने उन्हें और उषा देवी को बचाने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान वह भी आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सड़क पर जलाए जा रहे पटाखों से निकली चिंगारी इस हादसे की वजह बनी।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article