कोकता मल्टी में रहने वाली एक महिला ने किया सुसाइड
भोपाल के कोकता मल्टी में शनिवार रात अनिता अहिरवार नाम की एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनिता 15 साल से विवाहित थीं और उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 और 12 वर्ष है। घटना के समय, उनके पति मुकेश अहिरवार, जो पेशे से हलवाई हैं, काम पर गए हुए थे।
शनिवार की रात, जब बच्चे बाहर खेल रहे थे, तब 12 वर्षीय बेटा घर के अंदर आया और मां को फांसी के फंदे पर लटका पाया। उसने तुरंत अपने पिता को सूचित किया, जिन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने शव को फंदे से उतारकर स्थिति संभालने की कोशिश की। मुकेश के घर लौटने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया।
पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मृतका के मायके पक्ष ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस मामले की सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है।