भोपाल

MP News: मध्य प्रदेश में हर साल 25 दिसंबर को मनेगा 'तबला डे', ताल दरबार कार्यक्रम में CM मोहन यादव का ऐलान

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 25, 2023, 11:39 PM IST

MP News: ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर स्थित कर्ण महल परिसर में ताल दरबार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उपस्थित रहे।

Image

मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव

Photo : Twitter

MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को 99वें अंतरराष्ट्रीय तानसेन समारोह में प्रदर्शन करने वाले लगभग 1,300 तबला वादकों ने ‘‘सबसे बड़े तबला समूह’’ का खिताब हासिल करने के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज कराया।इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान करते हुए कहा कि हर साल की 25 दिसंबर को अब तबला डे मनेगा।

सिंधिया और तोमर थे मौजूद

ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर स्थित कर्ण महल परिसर में ताल दरबार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उपस्थित रहे। जबकि विशिष्ठ अतिथि के तौर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मंचासीन रहे।

ग्वालियर को मिला तमगा

इस दौरान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौजूद थी। कार्यक्रम में प्रदेश भर के विभिन्न महाविद्यालयों से आए तबला वादकों ने हिस्सा लिया। जिसमें 4 वर्ष से लेकर बुजुर्ग वर्ग के तबला वादकों ने एक मंच पर संयुक्त रूप में कर्णप्रिय तबला वादन की प्रस्तुति दी। आयोजकों का कहना है कि यूनेस्को द्वारा ग्वालियर को "सिटी ऑफ म्यूजिक" का तमगा दिया गया है। इस आयोजन के माध्यम से वैश्विक पटल पर संगीत के क्षेत्र में ग्वालियर को पहचान मिलेगी। इस मौके पर संस्कृति विभाग के पीएस शिव शेखर शुक्ला मौजूद थे।

सीएम का ऐलान

कार्यक्रम के अंत में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को प्रमाण पत्र भेंट किया। इस मौके पर मुख्यातिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि हर वर्ष 25 दिसंबर को सरकार तबला दिवस के रूप में मनाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!