भोपाल

Rewa: नकली पुलिस वाला बनकर युवती से करता था दुष्कर्म; हजार किलोमीटर से बुलाकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

रीवा जिले में एक आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर युवती से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। उसने निजी तस्वीरें चुराकर ब्लैकमेल भी किया। पुलिस ने उसे फिल्मी स्टाइल में हजार किलोमीटर दूर से बुलाकर गिरफ्तार कर लिया।

Image

देहरादून से रीवा बुलवाकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Rewa News: रीवा पुलिस ने एक शातिर को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक लड़की से दोस्ती की फिर शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म किया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक खास रणनीति अपनाई और उसे देहरादून से यहां बुलाया। आरोपी पुलिस के जाल में फंस गया जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या है मामला

यह पूरा मामला रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र का है। आरोपी का नाम अर्जुन कुमार है, जिसने सोशल मीडिया पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक युवती से दोस्ती की। शादी का वादा करके वह उसे मिलने के लिए बुलाता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था। आरोपी ने युवती के फोन से उसकी कुछ निजी तस्वीरें भी चुरा ली थीं, जिनके जरिए वह उसे ब्लैकमेल भी करता था।

देहरादून से बुलाया रीवा

जब युवती ने इसकी शिकायत रीवा पुलिस से की तो टीम ने एक खास प्लान बनाया, उन्होंने आरोपी को मिलने के बहाने रीवा बुलाया। आरोपी देहरादून से लगभग हजार किलोमीटर का सफर तय कर रीवा पहुंचा तो पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी उस समय भी पुलिस की वर्दी पहने हुए था और उसके पास से एक प्लास्टिक की पिस्टल, एक चाकू और एक बाइक भी बरामद हुई है। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में उमेश प्रजापति और उनके साथी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ आरोपी पकड़ा गया है, बल्कि युवती को भी न्याय की उम्मीद मिली है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article