दुनिया

आर्मेनिया की संसद में चलीं कुर्सियां, सत्तापक्ष और विपक्ष में जमकर हुई हाथापाई, Video आया सामने

Armenia Parliament Fight: आर्मेनिया की संसद में सत्ताधारी सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी और विपक्षी स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया पार्टी के सांसदों के बीच हाथापाई और कुर्सियां चलने का वीडियो सामने आया है।

Image

आर्मेनिया की संसद में चली कुर्सियां (फोटो साभार- TNN)

Armenia Parliament Fight: आर्मेनिया की संसद में मंगलवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। सत्ताधारी सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी और विपक्षी स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया पार्टी के सांसदों के बीच तीखी बहस हाथापाई में बदल गई, जिसके दौरान सदन में कुर्सियां तक चल गईं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब सत्ताधारी पार्टी के सांसद तारोन चाखोयान भाषण दे रहे थे। आरोप है कि उन्होंने विपक्षी पार्टी स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया के नेता नरेक करापेट्यान के परिवार पर निजी और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। इस पर नरेक करापेट्यान ने कड़ी आपत्ति जताई और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

दोनों पार्टियों के सांसद आपस में भिड़े

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विपक्ष के सांसद स्पीकर के पोडियम की ओर बढ़ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के सांसद आपस में भिड़ गए और सदन में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक सांसद जमीन पर गिर पड़ा। सबसे चौंकाने वाली घटना तब हुई जब डिप्टी स्पीकर वाहाग्न अलेक्सान्यान ने गुस्से में सांसद गार्निक दावत्यान की तरफ कुर्सी फेंक दी। हंगामा इतना बढ़ गया कि संसदीय सत्र को तुरंत स्थगित करना पड़ा।

सुरक्षाकर्मियों को करना पड़ा बीच-बचाव

सदन के बाहर गलियारों में भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। सुरक्षाकर्मियों को दोनों पक्षों को अलग करने के लिए बीच में दो लाइनों में खड़ा होना पड़ा, ताकि दोबारा झड़प न हो। बता दें कि आर्मेनिया की संसद में इस तरह की झड़प पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले अक्टूबर की शुरुआत में भी सिविल कॉन्ट्रैक्ट और विपक्षी सांसदों के बीच इसी तरह का टकराव हुआ था। तब स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया के सांसद एडगर गजार्यान ने आरोप लगाया था कि सांसद रुबेन रुबिन्यान ने संसद सदस्यों को बोनस आवंटन के नाम पर सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब पर बड़ा हमला

आर्मेनिया की राजनीति में बढ़ता ध्रुवीकरण

लगातार हो रही इन घटनाओं ने आर्मेनिया की राजनीति में बढ़ते ध्रुवीकरण को उजागर कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सांसद एक-दूसरे पर चिल्लाते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article