भोपाल

दिल्ली-भोपाल वंदे भारत ट्रेन में मारपीट, एक्शन में आए विधायक; जानें क्या है मामला?

नई दिल्ली-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के बीच हुए हाथापाई के खिलाफ झांसी के बबीना से विधायक ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। दरअसल, सीट बदलने और ट्रेन के अंदर आपत्तिजनक ढंग से बैठने को लेकर विधायक और यात्रियों के बीच विवाद हुआ था।

Image

वंदे भारत (फाइल फोटो)

झांसी : नई दिल्ली-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के बीच हुए विवाद के संबंध में झांसी के बबीना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राजीव सिंह ने जीआरपी थाने में एनसीआर (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज कराई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम कथित तौर पर सीट बदलने और ट्रेन के अंदर आपत्तिजनक ढंग से बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ। झांसी स्टेशन पर स्थिति और बिगड़ गई, जहां भाजपा विधायक के कुछ समर्थकों ने कथित तौर पर एक यात्री की पिटाई कर दी।

झांसी के रेलवे पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने संवाददाताओं को बताया कि पीड़ित यात्री ने पहले संकेत दिया था कि वह भोपाल पहुंचने के बाद शिकायत दर्ज कराएगा। हालांकि, शुक्रवार दोपहर तक भोपाल रेलवे पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली थी। वास्तव ने कहा कि दूसरे पक्ष से तहरीर मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

विधायक राजीव सिंह ने जीआरपी से की शिकायत

इस बीच, झांसी में जीआरपी ने विधायक राजीव सिंह की शिकायत मिलने की पुष्टि की है और कहा कि उनके लिखित आवेदन के आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है। राजीव सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ यात्रा कर रहे थे, तभी एक सह-यात्री ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। जब इस पर आपत्ति जताई गई, तो कथित तौर पर उस व्यक्ति ने विधायक के परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया और बाद में झांसी रेलवे स्टेशन पर अन्य लोगों को बुला लिया, इन लोगों ने भी विधायक के परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर झड़प तब शुरू हुई जब एक यात्री ने भाजपा विधायक अथवा उनके समर्थकों द्वारा पूछे जाने पर सीट खाली करने से इनकार कर दिया। बाद में यात्री के साथ मारपीट की गई। ऐसा माना जा रहा है कि हमलावर विधायक के समर्थक हैं। पुलिस ने कहा कि दूसरे पक्ष द्वारा औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें