Nobel Prize 2026: कल्पना कीजिए कि आप एक साइकिल चला रहे हैं, और अचानक सड़क पर गहरा गड्ढा (मंदी) या चढ़ाई (अति-महंगाई) आ जाती है। अगर आप (सरकार और केंद्रीय बैंक) सही समय पर जरूरत के मुताबिक ब्रेक न लगाएं या पैडल की चाल तेज न करें, तो साइकिल गिर सकती है। अर्थव्यवस्था के साथ भी बिल्कुल ऐसा ही होता है, यह कभी आसमान छूती है (Boom) तो कभी धड़ाम से नीचे गिर जाती है (Recession)। लेकिन इन झटकों से देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए जो 'स्टेबलाइजेशन पॉलिसी' (Stabilisation Policy) यानी स्थिरता नीति तैयार की जाती है, उसे आधुनिक और अचूक बनाने का क्रांतिकारी काम इस साल के नोबेल विजेताओं ने किया है।
रॉयल स्वीडिश अकादमी ऑफ साइंसेज ने वर्ष 2026 का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार अमेरिकी अर्थशास्त्रियों, रॉबर्ट ई. हॉल (Robert E. Hall) और माइकल वुडफोर्ड (Michael Woodford) को संयुक्त रूप से देने का ऐलान किया है। उन्हें यह सम्मान "मैक्रोइकॉनॉमिक स्टेबलाइजेशन की सूक्ष्म आर्थिक नींव" (Microeconomic foundations of macroeconomic stabilisation) तैयार करने के लिए दिया गया है। आइए आसान भाषा से समझते हैं कि आखिर इन दोनों दिग्गजों ने ऐसा क्या कर दिखाया, जिसने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को संभालने का तरीका बदल दिया।
पुरानी थ्योरी कहां फेल हो गई थी?
लगभग एक सदी पहले मशहूर अर्थशास्त्री जॉन मेनार्ड कींस (John Maynard Keynes) ने यह विचार दिया था कि जब देश में मंदी हो, तो सरकार को खर्चे बढ़ाने चाहिए और ब्याज दरें घटा देनी चाहिए ताकि बाजार में पैसा आए। वहीं, जब अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से दौड़ रही हो और महंगाई बढ़ रही हो, तो इसका उल्टा करना चाहिए। यह सिस्टम कुछ दशकों तक ठीक चला, लेकिन 1970 के दशक के तेल संकट के दौरान यह बुरी तरह फेल हो गया। उस समय पश्चिमी देशों में बेरोजगारी भी आसमान छू रही थी और महंगाई (Inflation) भी अनियंत्रित हो गई थी। पुरानी नीतियां काम करना बंद कर चुकी थीं, और कई अर्थशास्त्रियों को लगा कि अब सरकारी नीतियों या स्टेबलाइजेशन पॉलिसी का कोई मतलब नहीं बचा है।
रॉबर्ट ई हॉल और माइकल वुडफोर्ड
रॉबर्ट हॉल और माइकल वुडफोर्ड ने क्या नया किया?
रॉबर्ट हॉल और माइकल वुडफोर्ड ने इस समस्या की जड़ को पकड़ा। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को चलाने वाले बड़े आंकड़े (जैसे कुल महंगाई या कुल उत्पादन) हवा में नहीं बनते, बल्कि इन्हें करोड़ों आम नागरिक और कंपनियां तय करती हैं। उन्होंने मैक्रोइकॉनॉमिक्स (समष्टि अर्थशास्त्र) के मॉडलों को सीधे आंकड़ों के पिछले रिकॉर्ड पर चलाने के बजाय, यह समझा कि व्यक्तिगत परिवार और छोटे व्यवसाय कैसे सोचते हैं। इन नए मॉडलों का सबसे बड़ा आधार यह था कि लोग और कंपनियां केवल आज को देखकर फैसले नहीं लेते, बल्कि वे भविष्य को देखकर अपनी बचत और कीमतों तय करते हैं.
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- हेनरी कगन-केन्सो सोई को नोबेल, जानिए क्या है ‘होमोचाइरलिटी’ जिसकी खोज ने बदली केमिस्ट्री
सरकार की 'कम्युनिकेशन पावर'
मान लीजिए, एक बैंक या सरकार अचानक घोषणा करती है कि आने वाले महीनों में महंगाई को कंट्रोल करने के लिए ब्याज दरों में बदलाव किया जा सकता है। पुराने मॉडल में सिर्फ यह देखा जाता था कि पिछले साल महंगाई कितनी थी। हॉल और वुडफोर्ड के नए मॉडल बताते हैं कि जैसे ही सरकार और सेंट्रल बैंक अपनी भविष्य की नीति (Future Policy Plan) साफ-साफ जनता और बाजार को बताते हैं, लोग और व्यापारी उसी हिसाब से आज ही अपने खर्च और कीमतें बदल लेते हैं। यानी, सही समय पर की गई सही घोषणा और स्पष्ट संवाद (Communication) ही आधे से ज्यादा मंदी या महंगाई के असर को अपने आप बेअसर कर देता है।
आज की दुनिया के लिए यह क्यों इतना जरूरी है?
आज दुनिया भर के केंद्रीय बैंक, चाहे अमेरिका का फेडरल रिजर्व हो या भारतीय रिजर्व बैंक और सरकारें जिस ढांचे के आधार पर ब्याज दरें तय करती हैं या संकट के समय आर्थिक पैकेज देती हैं, उसकी वैचारिक नींव इन्हीं दोनों अर्थशास्त्रियों ने रखी है। चाहे वह हाल के वर्षों के ऊर्जा संकट हों या वैश्विक सप्लाई चेन के झटके, इन मॉडलों की वजह से आज सरकारें बेहतर तरीके से समझ पाती हैं कि मंदी के 'गड्ढों' और महंगाई की 'चढ़ाई' को कैसे ठीक किया जाए, ताकि आम जनता की आजीविका सुरक्षित रह सके।
