भोपाल

MP Loksabha Election Result 2024: BJP सभी 29 सीटों पर आगे, कांग्रेस के दिग्विजय और नकुलनाथ पिछड़े

मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर राज्य की सभी 29 सीटें जीतने जा रही है। रुझानों के अनुसार राज्य की सभी सीटें भाजपा की झोली में जाती दिख रही हैं। दिग्विजय सिंह और नकुलनाथ पिछड़ चुके हैं। नकुलनाथ के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से हार स्वीकार कर चुके हैं।

Image

मध्य प्रदेश में भाजपा की जीत लगभग तय

Photo : PTI

भोपाल : लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) के चुनाव सात चरणों में हुए और आज यानी मंगलवार 4 जून को परिणाम घोषित हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं और राज्य में 4 चरणों में मतदान हुआ था। मध्य प्रदेश में पहले चार चरणों में चुनाव हुए थे। पहले चरण में 6, दूसरे चरण में 7, तीसरे चरण में 8 और चौथे चरण में भी 8 सीटों पर लोकसभा चुनाव हुए थे।

मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट के लिए मंगलवार सुबह से जारी मतगणना के अब तक के रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) सभी सीट पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा के प्रमुख उम्मीदवार जो आगे चल रहे हैं, उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), शिवराज सिंह चौहान (विदिशा), फग्गन सिंह कुलस्ते (मंडला), शंकर लालवानी (इंदौर), वीडी शर्मा (खजुराहो), संध्या राय (भिंड), लता वानखेड़े (सागर), वीरेंद्र कुमार (टीकमगढ़), आलोक शर्मा (भोपाल) और रोडमल नागर (राजगढ़) शामिल हैं।

इंदौर में भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी 10 लाख, 62 हजार, 977 मतों से आगे हैं, जबकि ‘नोटा’ (उपरोक्त में से कोई नहीं) को अब तक 1 लाख,91 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। यहां कांग्रेस, दौड़ से बाहर हो गई थी। कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार अक्षय कांति बम द्वारा अंतिम समय में अपना नामांकन वापस लेने केबाद पार्टी ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ‘नोटा’ दबाने के लिए अभियान चलाया था।

निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार विदिशा में भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 5 लाख, 75 हजार 349 मतों से आगे हैं।

  • राजगढ़ में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पीछे हैं। इस सीट पर रोडमल नागर 61 हजार, 242 मतों से आगे हैं।
  • छिंदवाड़ा में कांग्रेस के निवर्तमान सांसद नकुल नाथ पीछे हैं, जबकि भाजपा के विवेक बंटी साहू उनसे 70 हजार, 458 मतों से आगे चल रहे हैं।
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया रतलाम में 1 लाख, 87 हजार, 833 मतों से पीछे हैं और भाजपा प्रत्याशी अनीता नागरसिंह चौहान 6 लाख, 39 हजार, 920 मत लेकर आगे हैं।
  • केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना में 4 लाख, 44 हजार, 640 मतों से आगे हैं।
  • मंडला में भाजपा फग्गन सिंह कुलस्ते 86 हजार, 389 मतों से आगे हैं।
  • खजुराहो में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा 4 लाख, 35 हजार 708 मतों से आगे हैं।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article