MP Accident News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक बोलेरो टायर फटने से बेकाबू हो गई और एक गहरे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में 4 साधुओं की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह लोग धार्मिक अनुष्ठान के लिए यात्रा पर निकले थे। तभी बोलेरो हादसे का शिकार हो गई।
गाड़ी में सवार थे 7 लोग
यह भीषण हादसा शुक्रवार शाम 6 बजे बैतूल हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार बुलेरो में 7 लोग सवार थे। ये सभी लोग मुलताई से चित्रकूट जा रहे थे। बोलेरो तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान टेमनी खुर्द गांव के पास गाड़ी का टायर अचानक फट गया। जिससे बोलेरो अनियंत्रित हो गई। और नेशनल हाईवे किनारे बने एक गहरे कुएं में जा गिरी।
जेसीबी मशीन और NDRF की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही दो जेसीबी मशीन और NDRF टीम को भी बुलाया गया। जिसके बाद टीम ने बोलेरो सवार सभी लोगों को कुएं से बाहर निकाला। जिनमें से तीन लोगों को घायल हालत में बाहर निकाला गया और चार लोग मृत पाए गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
