MP Youth Congress Membership: मध्य प्रदेश में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव की सदस्यता प्रक्रिया ने चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन ने इस बार सबसे अधिक भागीदारी दर्ज की है। यहां 74 हजार युवाओं ने युवा कांग्रेस की सदस्यता लेकर चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इसके उलट, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रभाव वाले छिंदवाड़ा जिले में मात्र 3,287 युवाओं ने युवा कांग्रेस की सदस्यता ली, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम भागीदारी वाले जिलों में शामिल है।
धार-भोपाल में भी बड़ी भागीदारी
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के गृह जिले धार से 55 हजार युवाओं ने सदस्यता ली और संगठनात्मक चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं राजधानी भोपाल के शहरी क्षेत्र से 53 हजार और ग्रामीण क्षेत्र से 11 हजार युवाओं ने युवा कांग्रेस में दिलचस्पी दिखाई और जुड़े।
ऑनलाइन सदस्यता रही कारगर
इस बार युवा कांग्रेस की सदस्यता प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रही। सदस्य बनने के लिए युवाओं को अपने शासकीय दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करना पड़ा और 50 रुपये का शुल्क अदा करना पड़ा। यह प्रक्रिया पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर अपनाई गई, जिससे 15 लाख से अधिक युवाओं ने चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी की।
छह स्तरों पर हुए चुनाव
सदस्यता लेने वाले युवाओं को अपनी पसंद के छह पदाधिकारियों के लिए वोट देना था। इनमें प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा स्तर और ब्लॉक स्तर के प्रतिनिधि शामिल थे। यह प्रक्रिया पारदर्शिता और भागीदारी के लिहाज से अभूतपूर्व मानी जा रही है।
सितंबर तक होगा प्रदेश अध्यक्ष का चयन
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों की स्क्रूटनी प्रक्रिया जारी है। जानकारी के अनुसार, सितंबर महीने तक प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष का चयन इंटरव्यू प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें सबसे अधिक मत प्राप्त करने वाले शीर्ष उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा।
